11वीं की छात्रा ने लिखा-सॉरी मम्मी-पापा, अब परेशान नहीं करूंगी:फांसी लगाकर किया सुसाइड, BCA छात्र की लाश भी फंदे से लटकती मिली

दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले के भिलाई में शनिवार को 2 स्टूडेंट्स ने फांसी लगाकर सुसाइड किया है। इसमें एक 11वीं की छात्रा वीणा ठाकुर है, जो अपने घर में फंदे पर झूलती मिली। उसने सुसाइड नोट में लिखा है सॉरी मम्मी-पापा, अब कभी परेशान नहीं करूंगी। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।

बच्चों के सुसाइड मामले में दुर्ग जिले में 15 दिन में यह तीसरी घटना है। - Dainik Bhaskar

बच्चों के सुसाइड मामले में दुर्ग जिले में 15 दिन में यह तीसरी घटना है।

वहीं, रूंगटा कॉलेज में बीसीए की पढ़ाई कर रहे 19 साल के छात्र ने भी सुसाइड कर लिया। मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का है। दोनों ही मामले में आत्महत्या की वजह अब तक साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि जिले में बच्चों के सुसाइड के मामले की 15 दिन में यह तीसरी घटना है।

11वीं की छात्रा वीणा ठाकुर ने फांसी लगा ली।

11वीं की छात्रा वीणा ठाकुर ने फांसी लगा ली।

केस 1 – पंखे पर लटकी स्कूली छात्रा

भिलाई के अकलोरडीह इलाके में रहने वाली वीणा ठाकुर (17) 11वीं की छात्रा थी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जरवाय में पढ़ती थी। शनिवार (4 अप्रैल) सुबह करीब 3 बजे पढ़ाई करने के लिए ऊपर कमरे में गई थी।

सुबह करीब 6 बजे परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो वीणा दुपट्टे से पंखे के सहारे फंदे पर लटकी मिली।

सुसाइड नोट में लिखा- मुझे माफ कर देना, अब नहीं करूंगी परेशान

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें वीणा ने अपनी मां, पिता, मामा-मामी और परिवार के बाकी लोगों से माफी मांगी है। उसने लिखा है कि सॉरी मम्मी-पापा, मामा-मामी, अब कभी परेशान नहीं करूंगी। पुलिस सुसाइड नोट और परिवार के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

बचपन से मामा घर में रह रही थी

मृतका के मामा विष्णु सिंह ने बताया कि, एक दिन पहले शुक्रवार (3 अप्रैल) को वह अपने पिता और रिश्तेदारों से मिलने गई थी और रात में वापस घर लौटी थी। सुबह पढ़ाई के लिए ऊपर गई और कुछ देर बाद उसकी आत्महत्या की खबर मिली।

बीसीए के स्टूडेंट उमेश ने घर में फांसी लगा ली।

बीसीए के स्टूडेंट उमेश ने घर में फांसी लगा ली।

केस 2 – बीसीए के स्टूडेंट ने किया सुसाइड

कोहका के आर्यनगर वार्ड नंबर-12 निवासी उमेश कुमार साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उमेश के पिता ऑटो ड्राइवर है। वह रूंगटा कॉलेज में कंप्यूटर साइंस सेकेंड ईयर का छात्र था। बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। घटना शनिवार (4 अप्रैल) तड़के की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, सुबह काफी देर तक उमेश ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला तो घर वालों को शक हुआ। दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो उमेश पंखे से फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पिता को फोन पर मिली बेटे की मौत की जानकारी

उमेश के पिता ने बताया कि, वह सुबह काम पर निकल गए थे। परिवार से फोन आया कि, उमेश ने फांसी लगा ली है। परिजनों का कहना है कि, उमेश पढ़ाई में ठीक था और उस पर किसी तरह का दबाव भी नहीं था। वह सामान्य तरीके से रह रहा था, इसलिए आत्महत्या की वजह समझ में नहीं आ रही है।

जांच में जुटी पुलिस

इधर, पुलिस का कहना है कि, दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिवार के लोगों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ पाएगी।

भाई ने डांटा, 10 साल की बच्ची ने लगाई फांसी

15 दिन पहले जिले में भाई की डांट से नाराज 10 साल की बच्ची ने सुसाइड कर लिया था। 19 मार्च की शाम गुरप्रीत कौर घर पर अकेली थी। मोबाइल में स्पीकर ऑन कर पापा से बात कर रही थी।

तभी बड़े भाई ने दरवाजा खटखटाया लेकिन गुरप्रीत फोन पर थी इसलिए सुन नहीं पाई। देरी से दरवाजा खोला तो भाई ने डांट दिया। इससे नाराज बहन घर की गैलरी में चुन्नी का फंदा बनाकर लटक गई थी। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।

Chhattisgarh