10वीं की छात्रा से बात करने की जिद, इनकार पर थप्पड़; भाई के सिर पर चाबी से किया वार…आरोपी फरार

‘मुझसे बात क्यों नहीं करती, मुझसे मिलती क्यों नहीं है’ कहकर 10वीं की छात्रा को रास्ते में रोक लिया। बात करने से इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की। भाई ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने दो साथियों को बुला लिया।

आरोप है कि इसके बाद तीनों ने भाई-बहन के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी ने चाबी से छात्रा के भाई के सिर पर वार कर दिया। मामला उरकुरा इलाके का है। शिकायत पर खमतराई पुलिस ने FIR दर्ज की है।

पोहा खरीदने जा रहे थे भाई-बहन

FIR के मुताबिक, शिकायतकर्ता तारणी वर्मा ने बताया कि 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने भाई जीतू वर्मा के साथ पोहा खरीदने जा रही थी। इसी दौरान शर्मा प्लास्टिक फैक्ट्री के पास नीरज यादव मिला। उसने छात्रा से पूछा कि वह उससे बात क्यों नहीं करती और उससे मिलती क्यों नहीं है।

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

शिकायत के अनुसार, छात्रा ने जब बात करने से इनकार किया तो नीरज यादव ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे थप्पड़ मार दिया। बहन के साथ मारपीट होते देख जीतू वर्मा ने विरोध किया। इसके बाद आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने भाई-बहन को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान नीरज यादव ने चाबी से जीतू वर्मा के सिर पर वार कर दिया।

खमतराई पुलिस ने दर्ज की FIR

घटना के संबंध में तारणी वर्मा ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को FIR दर्ज की। फिलहाल आरोपी फरार है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Chhattisgarh