- सोलर हाईमास्ट से रोशन हुआ भाठापारा, ग्रामीणों ने जताया आभार
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
दिन ढलते ही रोशनी से जगमगाते चौक-चौराहे, सुगम होता ग्रामीणों का आवागमन और सुरक्षित महसूस करते राहगीरकृकोरबा के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सौर ऊर्जा से विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। पारंपरिक ऊर्जा के स्थान पर सौर ऊर्जा को अपनाते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से स्वीकृत राशि से क्रेडा के माध्यम से सोलर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था मजबूत हो रही है और जनसुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
कटघोरा विकासखंड के ग्राम भांठापारा में स्थापित सोलर हाईमास्ट लाइट से रात के समय पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध हो रहा है। 9 मीटर ऊंचा पोल, 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल तथा 30 वॉट की एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। इनसे चौक-चौराहों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त एवं स्पष्ट रोशनी मिलती है। सोलर हाईमास्ट में डस्क-टू-डॉन तकनीक का उपयोग किया गया है। सूर्यास्त के साथ लाइटें स्वतः चालू और सूर्याेदय के बाद बंद हो जाती हैं। पर्याप्त बैटरी बैकअप के कारण मौसम खराब होने अथवा बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी रात्रिकालीन प्रकाश उपलब्ध रहता है। सौर ऊर्जा के उपयोग से विद्युत की बचत होती है और स्थानीय निकायों पर अतिरिक्त बिजली बिल का भार नहीं पड़ता। इससे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ग्रामवासियों ने बताया गांव के प्रमुख स्थानों पर रोशनी उपलब्ध होने से ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों, राहगीरों और वाहन चालकों को रात में आने-जाने में सहूलियत मिल रही है। बाजार, हाट और स्थानीय दुकानों में शाम के बाद आवश्यक कार्य करने में सुविधा बढ़ी है। बरसात के मौसम में अंधेरे रास्तों पर विषैले जीव-जंतुओं का खतरा भी ग्रामीणों के लिए कम हुआ है। सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश से सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
गाँव के रहने वाले श्री महावीर पटेल ने गाँव मे सोलर हाई मास्ट लाइट लगने से हो रहे लाभ के बारे में बताते हुए कहा कि पहले रात के समय चौक और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से आवागमन में परेशानी होती थी। सोलर हाईमास्ट लगने के बाद गांव का प्रमुख क्षेत्र रोशन रहता है और रात में आने-जाने में अधिक सुविधा महसूस होती है। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं क्रेडा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सौर ऊर्जा आधारित यह पहल दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। डीएमएफ की राशि से स्थापित सोलर हाईमास्ट ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधा के विस्तार का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।


