- दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में रेडियमयुक्त चेतावनी व संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
- अवैध राखड़ डंपिंग पर कड़ी कार्यवाही करने किया निर्देशित
- कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जा रहे आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने किया निर्देशित
- यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालो पर की जा रही सतत कार्रवाई – पुलिस अधीक्षक
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
सांसद लोकसभा क्षेत्र कोरबा श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सांसद ने यातायात नियमों के प्रभावी पालन, विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर किए जा रहे आवश्यक सुधारात्मक कार्यों में तेजी लाने तथा जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक कटघोरा श्री प्रेमचंद पटेल, विधायक रामपुर श्री फूल सिंह राठिया जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी, आयुक्त नगर निगम कोरबा श्री आशुतोष पाण्डेय, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा श्री जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल असैय्या सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

सांसद श्रीमती महंत ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य दुर्घटना जन्य क्षेत्रों में रेडियमयुक्त चेतावनी एवं संकेतक बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य भी शीघ्रता से पूर्ण कराने के लिए कहा। उन्होंने वाहन चलाते समय फोन पर बात करने वालो, नशे में वाहन चलाने वालों, ओवर स्पीडिंग, बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। सांसद ने जिले में अवैध राखड़ डंपिंग पर भी कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मुख्य मार्गाे में भारी वाहनों के सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चयन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के सड़को का जीर्णाेद्धार एवं आवश्यक मरम्मत कार्य भी जल्द से जल्द कराने की बात कही।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक कटघोरा श्री पटेल एवं विधायक रामपुर श्री राठिया ने जिले में सड़क दुर्घटना पर प्रभावी नियंत्रण हेतु यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण, सड़क सुरक्षा से संबंधित किए गए प्रयास व सड़क सुरक्षा जागरूकता के संबंध में किए गए कार्याे की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिले में सुरक्षित व सुगम यातायात व्यवस्था हेतु विभागों को निर्धारित कार्ययोजना एवं लक्ष्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के किये कहा। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू कर यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाने निर्देशित किया। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकता अनुसार रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर एवं क्रैश बैरियर स्थापित कर यातायात को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध राखड़ डंपिंग पर नियमित कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने बताया कि विभाग द्वारा जिले में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान संचालित कर कार्यवाही की जा रही है। ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और मोडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ओवरस्पीड, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने, नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अब तक कई लापरवाह चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। साथ ही सैकड़ो प्रकरणों में चलानी कार्यवाही भी की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित कर ट्रक, बस जैसे भारी वाहन चालकों सहित हल्की वाहन चालकों एवं आमजनों का दृष्टि परीक्षण कराया जाएगा। जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। आमजनों एवं विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु स्कूल एवं कॉलेजों में प्रत्येक सप्ताह रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज, निबंध जैसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके विजेताओं को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया है।


