शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक, शिक्षा विभाग ने किया निलंबित..

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रधानपाठक शराब के नशे में ही स्कूल पहुंच गए। मामला संज्ञान में आने के बाद शिक्षा विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया।

शराब के नशे में स्कूल पहुंचे प्रधानपाठक

दरअसल, यह पूरा मामला दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला का है। बताया जा रहा है कि यहां पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया बुधवार को कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे, जिसके बाद उनके खिलाफ बड़गांव पुलिस थाने में FIR दर्ज किया गया था।

शिक्षा विभाग ने जारी किया निलंबन आदेश

वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। संयुक्त संचालक ने प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में निलंबन का आदेश भी जारी कर दिया गया है।

शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

बता दें कि जिला कलेक्टर कुंदन कुमार लगातार जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में एक शासकीय स्कूल के प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिक्षा विभाग की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है।

Chhattisgarh