
- डिजिटल सुशासन से सुरज कुमार बरेठ के परिवार को मिली राहत, समय और श्रम की हुई बचत
- ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन से प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया हुई सरल
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन का सेवा सेतु पोर्टल उपयोगी साबित हो रहा है। अब आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी कम हो रही है। ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से नागरिकों के समय और श्रम की बचत हो रही है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सूरज कुमार बरेठ की कहानी डिजिटल सुशासन से आम परिवारों के जीवन में आ रहे इसी सकारात्मक बदलाव की मिसाल है।
सूरज कुमार बरेठ को अपनी पुत्री सिमरन बरेठ के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों के नियमानुसार सत्यापन और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिमरन का जाति प्रमाण पत्र जारी हो गया। इससे परिवार को अलग-अलग कार्यालयों में जाने और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली।
अपना अनुभव साझा करते हुए सूरज कुमार बरेठ ने बताया कि पहले जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए काफी समय और मेहनत लगती थी। अब सेवा सेतु पोर्टल ने इस प्रक्रिया को आसान बना दिया है। बेटी सिमरन का जाति प्रमाण पत्र मिलने से उसकी पढ़ाई और भविष्य में आवश्यक शासकीय कार्यों में सुविधा होगी। उन्होंने इस जनसुविधा के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, नजदीकी सेवा केंद्रों से भी आवेदन संबंधी सहायता प्राप्त की जा सकती है। इससे विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।
सूरज कुमार बरेठ के परिवार का अनुभव बताता है कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ बनाया जा सकता है। सेवा सेतु जैसी डिजिटल पहल नागरिकों की परेशानियां कम करने के साथ ही पारदर्शी, सरल और नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

