
- ’जशपुर के ऊपरकछार में 35 हितग्राहियों को मिले बतख, 34 ग्रामीणों को अधिकार अभिलेख का वितरण’
- ’मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की पहल’
रायपुर (CITY HOT NEWS)//


मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जशपुर जिले में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम ऊपरकछार में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों के निराकरण के लिए भी पहल की गई।
’35 हितग्राहियों को बतख वितरण, आजीविका संवर्धन को मिलेगा बढ़ावा’
शिविर में ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और आजीविका के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनप्रतिनिधियों द्वारा 35 हितग्राहियों को बतख का वितरण किया गया। बतख पालन से हितग्राहियों को स्वरोजगार का अवसर मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही राजस्व विभाग द्वारा 34 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए। अधिकार अभिलेख मिलने से ग्रामीणों को भूमि संबंधी दस्तावेज उपलब्ध हुए, जिससे राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी।
’उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान’
सेवा सेतु शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
’एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी’
शिविर में खाद्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि और श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निराकरण की कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान और शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हो रही है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सेवा सेतु शिविर शासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी, आवश्यक दस्तावेज, आजीविका संवर्धन के अवसर और समस्याओं के निराकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।

