
- दो दिवसीय शिविर में 248 बच्चों का पंजीयन, 97 को मिलेंगे सहायक उपकरण
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों कोआवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और शासकीय सुविधाओं से जोड़ने के लिए बलरामपुर जिले में दो दिवसीय आंकलन सह चिन्हांकन शिविर आयोजित किए गए। जिले के सभी छह विकासखंडों से आए कुल 248 बच्चों का पंजीयन किया गया। इनमें 97 बच्चों को सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकित किया गया, 75 बच्चे नए यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए तथा 76 बच्चों को विशेषज्ञ परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रेफर किया गया।
राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर के निर्देशानुसार शिविर कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुए। जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेन्द्र निरापूरे और जिला मिशन समन्वयक श्री चन्द्रभूषण प्रसाद गुप्ता ने शिविरों का निर्देशन किया।
15 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह, विकासखंड शंकरगढ़ में शिविर लगाया गया। इसमें शंकरगढ़, कुसमी और राजपुर विकासखंड के 138 बच्चों का पंजीयन हुआ। इनमें से 33 बच्चों को सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकित किया गया, 50 बच्चे नए यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए तथा 55 बच्चों को विशेषज्ञ परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर रेफर किया गया।
16 अक्टूबर को जिला ग्रंथालय बलरामपुर में आयोजित शिविर में बलरामपुर, रामचन्द्रपुर और वाड्रफनगर विकासखंड के 110 बच्चों का पंजीयन किया गया। इनमें से 64 बच्चों को सहायक उपकरण के लिए चिन्हांकित किया गया, 25 बच्चे नए यूडीआईडी कार्ड के लिए पात्र पाए गए तथा 21 बच्चों को विशेषज्ञ परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज अम्बिकापुर भेजा जाएगा।
शिविर में जिला ग्रंथपाल श्री राजकुमार शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री संजू कनौजिया, बीआरसी श्री सुरेश सिंह, बीआरपी श्री अमरदेव यादव सहित विभिन्न विकासखंडों से आए बीआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

