रायपुर : सेवा की कहानी : महतारी वंदन योजना बनी कुसुम का आर्थिक आधार, बच्चों की बेहतर पढ़ाई में कर रहीं राशि का उपयोग

महतारी वंदन योजना बनी कुसुम का आर्थिक आधार, बच्चों की बेहतर पढ़ाई में कर रहीं राशि का उपयोग

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके परिवार की खुशहाली और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन रही है। इस योजना का लाभ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की नगर पंचायत छुईखदान के वार्ड क्रमांक 5 निवासी श्रीमती कुसुम को भी मिल रहा है।

श्रीमती कुसुम ने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हो रही है। इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं। बच्चों की कॉपी, किताबें एवं अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री खरीदने में यह सहायता राशि उनके लिए उपयोगी साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि शासन की इस योजना से परिवार को आर्थिक सहयोग मिल रहा है। प्रतिमाह नियमित रूप से मिलने वाली राशि से बच्चों की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। वह चाहती हैं कि उनके बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर भविष्य में आत्मनिर्भर बनें और परिवार का नाम रोशन करें।

श्रीमती कुसुम ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के लिए सहारा बनने के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य को संवारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Chhattisgarh