रायपुर : सेवा की कहानी : ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र बना वित्तीय लेनदेन का हब

सेवा की कहानी : ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र बना वित्तीय लेनदेन का हब
  • प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन और पेंशन भुगतान सहित अन्य योजनाओं की राशि गांव में नकद मिलने से हो रहा फायदा
  • एडीएसके में आधार बेस्ड पेमेंट होने से ग्रामीणों के समय, श्रम व धन की हो रही बचत
  • कबीरधाम जिले के 307 अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों से अब तक 41.30 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

सेवा की कहानी : ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र बना वित्तीय लेनदेन का हब

शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें आर्थिक रूप से संपन्न बनाना है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं द्वारा ग्रामीणों को आर्थिक सहायता शासन द्वारा प्रदाय की जा रही है। यह सेवा संकल्प अभियान का ही सकारात्मक परिणाम है कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से वित्तीय लेनदेन सुगम होने के कारण ग्रामीणों को गांव से दूर जाने की आवश्यकता नहीं रही। गांव में ही महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की सहायता राशि, विकसित भारत जी राम जी योजना का मजदूरी भुगतान, स्वच्छ भारत अभियान की प्रोत्साहन राशि सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं की राशि नकद प्राप्त हो जाने से ग्रामीणों के समय, श्रम और धन की बचत हो रही है। सेवा का यदि मूर्त रूप देखना हो तो जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतो में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के रूप में देखा जा सकता है।

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से ग्रामीणों को मिला स्थायी समाधान

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास बनाने के लिए ग्रामीणों को 1 लाख 20 हजार रुपए एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास बनाने के लिए 2 लाख रुपए उनके बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों पर जारी की जाती है। एक ओर जहां ग्रामीणों को अपना पक्का घर बनाने सहायता राशि मिल रही है तो वहीं दूसरी ओर पैसे को निकलने गांव से दूर जाने की आवश्यकता नहीं रही।गांव में खुले अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ने ग्रामीणों के अनेकों समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे कर दिया है। घर से 15 से 20 किलोमीटर दूर बैंक जाने परेशानी होता था। पूरे दिन का समय लगता और आने-जाने में 100 से 200 रुपए का खर्च अलग से। इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान अब अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से मिल गया है।

एडीएसके की स्थापना से हो रही समय, श्रम और धन की बचत

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले के 307 स्थानो में इस सुविधा का विस्तार किया जा चुका है। क्यूसेक एवं डिजी पे की सहायता से वीएलई द्वारा इन केंद्रो का संचालन किया जा रहा है जिसमें बैंकिंग सुविधा उपलब्ध है। गत वर्ष योजना प्रारंभ से अब तक अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों में ग्रामीणों द्वारा कुल 230425 ट्रांजैक्शन हुए हैं जिनमंे 41 करोड़ 30 लाख 90 हजार 555 रुपए का भुगतान ग्रामीणों को मिला है। यह भुगतान सिद्ध करता है कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का फायदा ग्रामीणों को सीधे मिल रहा है। गांव में ही शासकीय योजनाओं की राशि मिलने से ग्रामीणों को लाभ हो रहा हैं। 

ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिल रही वित्तीय व अन्य सुविधाओं की जानकारी

जिले के 307 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से महतारी वंदन, विकसित भारत जी राम जी योजना का मजदूरी भुगतान, प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि, पेंशन योजना का भुगतान, छात्रवृत्ति राशि आहरण, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि सहित अन्य योजनाओं के नगद लेन-देन की सुविधा मिल रही है। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को बी-वन, नक्शा, खसरा, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र,राशन कार्ड निर्माण, बिजली बिल का भुगतान, पैन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड जैसी जरूरी सुविधा गांव में मिल रही है। अब ग्रामीणों को इन आवश्यक दस्तावेजों के लिए अपने घर से दूर जाने की जरूरत नहीं रही। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में वीएलई द्वारा सेवा प्रदान की जाती है तथा सारा भुगतान आधार बेस्ड पेमेंट के माध्यम से संचालित होता है।

Chhattisgarh