
- जल जीवन मिशन से गांव की महिलाओं- बच्चों की सहूलियतें बढ़ी, नल जल मित्र संभाल रहे जलापूर्ति व्यवस्था
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

इंद्रावती नदी के पार बसे दंतेवाड़ा जिले के छोटेकरका गांव में अब पानी के लिए महिलाओं और बच्चों को पहले जैसी मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है। जल जीवन मिशन के तहत नल से पानी मिलने से ग्रामीण परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हुई है। पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब घर के पास ही पेयजल की सुविधा उपलब्ध है। ग्रामीणों के लिए यह बदलाव बड़ी राहत लेकर आया है, खासकर गांव की महिलाओं और बच्चों के लिए सहूलियत बढ़ी है।
गांव में ओवर हेड टंकी से पाइपलाइन के जरिए घरों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत इस गांव में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी स्थानीय समुदाय भी निभा रहा है। नल जल मित्र श्री रमेश अटामी जलापूर्ति की निगरानी के साथ पाइपलाइन और नल कनेक्शन के रखरखाव में सहयोग कर रहे हैं।
श्री अटामी बताते हैं कि उनकी कोशिश रहती है कि गांव के हर परिवार को समय पर पानी मिले और जलापूर्ति व्यवस्था में कोई परेशानी न आए। हाल ही में बारिश और बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों के बीच भी विभागीय समन्वय और ग्रामीणों की भागीदारी से पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के प्रयास किए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नल से पानी मिलने के बाद महिलाओं और बच्चों को विशेष सहूलियत हुई है। पानी लाने की परेशानी कम होने से दैनिक कामकाज आसान हुआ है। अब ग्रामीण भी जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव और पानी के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग पर ध्यान दे रहे हैं।
गांव में पेयजल व्यवस्था को लंबे समय तक सुचारू बनाए रखने के लिए श्री अटामी को लाइवलीहुड कॉलेज में प्रशिक्षण दिया जाने की योजना है। इसमें पाइपलाइन और नल कनेक्शन के रखरखाव, जल गुणवत्ता तथा सामान्य तकनीकी समस्याओं के समाधान की जानकारी दी जाएगी। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही जलापूर्ति संबंधी समस्याओं के निराकरण में मदद मिल सकेगी।

