रायपुर : विकसित भारत @2047 : नारायणपुर के बच्चों ने रंगों और भाषणों से उकेरा नक्सलमुक्त व सशक्त भारत का सपना

विकसित भारत @2047 : नारायणपुर के बच्चों ने रंगों और भाषणों से उकेरा नक्सलमुक्त व सशक्त भारत का सपना
  • ​सेवा संकल्प अभियान में 650 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
  • चौथी के छात्र सचिन कश्यप के ओजस्वी भाषण ने मोहा सभी का मन

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

​सेवा संकल्प अभियान में 650 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

       नारायणपुर स्थित बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को जनभागीदारी और बच्चों की रचनात्मकता से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न स्कूलों से आए लगभग 650 विद्यार्थियों ने अपनी कला और ओजस्वी विचारों का हुनर दिखाया।
       ​प्रतियोगिता के दौरान प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक के विद्यार्थियों ने ‘नक्सलवाद मुक्त समाज’, ‘डिजिटल इंडिया’, ‘सेना का शौर्य’, ‘नया कश्मीर’, ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ जैसे गंभीर व महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी सोच को बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया। बच्चों ने कैनवास पर रंगों और रेखाओं के माध्यम से एक ऐसे भारत का चित्र उकेरा जहां शांति, सुरक्षा, स्वच्छता, तकनीकी विकास और सामाजिक समानता का बेहतर समन्वय हो, वहीं भाषण के जरिए युवाओं की भूमिका और सुरक्षित समाज की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान शासकीय प्राथमिक शाला खासपारा कन्हारगांव के कक्षा चौथी के नन्हे छात्र सचिन कश्यप ने अपने अद्भुत आत्मविश्वास और विषय की उत्कृष्ट समझ के बल पर ऐसा ओजस्वी भाषण दिया कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
​प्रतियोगिता के परिणामों में भाषण के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक वर्ग में सचिन कश्यप ने प्रथम, शासकीय कन्या बुनियादी ग्रांजी की लक्ष्मी यादव ने द्वितीय और पोर्टा केबिन ओरछा के भावेश पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी वर्ग के भाषण में सेजेस ओरछा की यामिनी पोयम प्रथम, सेजेस बखरूपारा की विजय लक्ष्मी चौहान द्वितीय तथा इसी विद्यालय के डेविड नेताम तृतीय स्थान पर रहे।
         ​चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक स्तर में प्राथमिक शाला पातुरबेड़ा की भारतीय यादव ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालक बुनियादी ग्रांजी के विनय नायक दूसरे और कन्या आश्रम चालचेर ओरछा की चूलबाती उसेंडी तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्तर की चित्रकला स्पर्धा में शासकीय बालक बुनियादी ग्रांजी के सुमित कुमार गोटा ने प्रथम, रामकृष्ण मिशन विद्यालय नारायणपुर के अर्जुन कुमार ध्रुव ने द्वितीय तथा पोर्टा केबिन ओरछा के अमित गावड़े ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
        ​समारोह के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता बताया।

Chhattisgarh