
- देवगढ़ के किसान संतोष कुमार गुप्ता ने सिंगरौली उपार्जन केंद्र में सहजता से बेचा 32 क्विंटल धान
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में उत्साह और हर्ष का माहौल है। शासन द्वारा किसानों की उपज के सुव्यवस्थित उपार्जन के लिए की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में एमसीबी जिले के ग्राम देवगढ़ निवासी किसान संतोष कुमार गुप्ता अपनी 32 क्विंटल धान की उपज लेकर सिंगरौली धान उपार्जन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने खरीदी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए शासन की पहल की सराहना की।
किसान संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने हेतु उन्हें किसी प्रकार की लंबी कतार में खड़ा नहीं होना पड़ा। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे ही अपना टोकन प्राप्त कर लिया, जिससे उनका समय और श्रम दोनों बचा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन की सुविधा से धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो गई है। उन्होंने आगे बताया कि उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। धान की तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक कांटा एवं माप उपकरण उपलब्ध हैं। इसके साथ ही बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता होने से किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है। केंद्र में किसानों के बैठने तथा शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और किसानों को अपनी उपज विक्रय करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का निर्णय किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय पहल है। इससे किसानों को उनकी मेहनत और उपज का उचित मूल्य मिल रहा है तथा उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिल रही है।
किसान संतोष कुमार गुप्ता ने धान खरीदी की बेहतर व्यवस्थाओं, ऑनलाइन टोकन सुविधा एवं किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

