रायपुर : गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में धान खरीदी में अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती, संयुक्त जांच दल ने खोडरी उपार्जन केंद्र से 60 बोरी धान किया जब्त

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में धान खरीदी में अनियमितता पर प्रशासन की सख्ती
  • समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पारदर्शिता बनाए रखने लगातार हो रही जांच और निगरानी’
  • ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान विक्रय के लिए लाने पर हुई कार्रवाई

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशानुसार जीपीएम जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों में अधिकारियों की टीम द्वारा नियमित निरीक्षण एवं जांच की जा रही है। इसी कड़ी में आज धान उपार्जन केंद्र खोडरी में संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 60 बोरी, लगभग 25 क्विंटल धान जब्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पेंड्रारोड, खाद्य निरीक्षक गौरेला एवं कृषि नोडल अधिकारी खोडरी के संयुक्त जांच दल द्वारा धान उपार्जन केंद्र खोडरी में विक्रय के लिए लाए गए धान की जांच की गई। जांच के दौरान ग्राम खोडरी निवासी कृषक श्री गोविन्द सिंह वाकरे द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान में ग्रीष्मकालीन एवं मिश्रित किस्म का धान पाया गया।

जांच दल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की और कुल 60 बोरी, लगभग 25 क्विंटल धान जब्त कर लिया। जब्त धान को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए समिति प्रबंधक खोडरी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।

जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, गड़बड़ी अथवा नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उपार्जन केंद्रों में धान की गुणवत्ता, किस्म एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ वास्तविक एवं पात्र किसानों तक पहुंचे तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हो। इसके लिए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में निगरानी एवं जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Chhattisgarh