बिलासपुर// छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बच्चे की कस्टडी को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ कहा कि बच्चे को किसके साथ रहना है, यह तय करते समय माता-पिता के अधिकारों से ज्यादा उसकी खुशी और इच्छा का ध्यान रखना जरूरी है।

बच्चे की कस्टडी को लेकर हाईकोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला।
14 साल के बेटे ने पिता के साथ रहने से इनकार कर दिया और मां के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद कोर्ट ने डॉक्टर पिता को बेटे की कस्टडी देने से मना कर दिया। हालांकि, पिता को बेटे के जन्मदिन, त्योहारों और लंबी छुट्टियों में उसके साथ समय बिताने की अनुमति दी गई है। इसके लिए बच्चे की सहमति और दोनों पक्षों की आपसी सहमति जरूरी होगी।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, कोरबा के रहने वाले एक डॉक्टर की शादी 23 जनवरी 2011 को बिलासपुर की महिला डॉक्टर से हुई थी। 29 अप्रैल 2023 को दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 13 मई 2023 को लोक अदालत में दोनों के बीच समझौता हुआ।
समझौते के अनुसार, पिता को बेटे के खर्च के लिए हर महीने 15 हजार रुपए देने थे। साथ ही, उन्हें हर रविवार बेटे से मिलने का अधिकार दिया गया था।
तीन साल बाद पिता ने मांगी बेटे की कस्टडी
इसके बाद पिता ने फैमिली कोर्ट में याचिका लगाकर बेटे की कस्टडी मांगी। उनका कहना था कि बच्चे की मां सरकारी डॉक्टर है और बेमेतरा जिले में पोस्टेड है। इसलिए वह बेटे को पर्याप्त समय नहीं दे पाती।
पिता के अनुसार, बेटा बिलासपुर में करीब 75 साल के नाना-नानी के साथ रहता है। इससे उसकी पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पांचवीं कक्षा में बेटे को सी ग्रेड मिला था।
पिता ने कहा कि वह खुद डॉक्टर हैं और बेटे की पढ़ाई, स्वास्थ्य और भविष्य की अच्छी देखभाल कर सकते हैं।
मां ने कहा- बेटे की पढ़ाई और परवरिश अच्छी हो रही
मां ने पिता की याचिका का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बेटा नाना-नानी के साथ अच्छी तरह रह रहा है। वह संयुक्त परिवार में रहता है और बिलासपुर के अच्छे स्कूल में पढ़ाई कर रहा है।
मां ने यह भी कहा कि पिता खुद डॉक्टर हैं और कोरबा और रायपुर में प्रैक्टिस करते हैं। ऐसे में वे भी बेटे को पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे।
हाईकोर्ट ने कहा- बच्चे की इच्छा सबसे जरूरी
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बच्चे से भी बात की। 14 साल के बेटे ने साफ कहा कि वह पिता के साथ नहीं, बल्कि मां के साथ रहना चाहता है।
कोर्ट ने कहा कि बच्चे की उम्र और समझ को देखते हुए उसकी इच्छा को महत्व देना जरूरी है।
पिता ने आरोप लगाया था कि मां की वजह से बेटे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, लेकिन इसके समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि सिर्फ इस आशंका के आधार पर बच्चे की कस्टडी नहीं बदली जा सकती कि मां नौकरी के कारण उसकी ठीक से देखभाल नहीं कर पाएगी।
इसलिए हाईकोर्ट ने बेटे की कस्टडी पिता को देने से इनकार कर दिया। साथ ही, पिता को बेटे की सहमति और दोनों पक्षों की आपसी सहमति से उसके जन्मदिन, त्योहारों और लंबी छुट्टियों में मिलने और समय बिताने की अनुमति दी।


