
- 3.40 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 450.86 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति
बालोद,(CITY HOT NEWS)///
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने और आवागमन की सुविधा बेहतर करने के लिए सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में गुण्डरदेही विकासखंड के अंतर्गत टटेंगा-भरदा-मोहंदीपाट मार्ग का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप तथा उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में सड़क निर्माण एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मूलभूत न्यूनतम सेवा के अंतर्गत टटेंगा-भरदा-मोहंदीपाट मार्ग के किलोमीटर 1/2 से 4/4 तक कुल 3.40 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 450.86 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए अनुबंध एवं कार्यादेश जारी किया जा चुका है तथा निर्माण कार्य प्रगति पर है।
’सड़क बनने से किसानों और ग्रामीणों को मिलेगी राहत’
इस मार्ग के निर्माण से टटेंगा, भरदा और मोहंदीपाट सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों का रोजमर्रा का सफर आसान होगा तथा किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। वहीं विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भी बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा।
सड़क निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का ध्यान रखते हुए कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।

