
- 415.62 लाख रुपए की लागत से होगा भवन निर्माण, 15 माह निर्धारित की गई अनुबंध अवधि
बालोद,(CITY HOT NEWS)///
जिले में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जेवरतला रोड पर नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री अरुण साव के नेतृत्व में शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में संबंधित महाविद्यालय का संचालन स्कूल भवन में किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन अध्ययन के लिए आवश्यक सुविधाओं और पर्याप्त स्थान की उपलब्धता में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को अपना परिसर मिलेगा, जहां पढ़ाई के लिए बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग, संभाग बालोद द्वारा इस भवन निर्माण कार्य के लिए 415.62 लाख रुपए की अनुबंध राशि निर्धारित की गई है। कार्य की अनुबंध अवधि 15 माह रखी गई है। इस कार्य के लिए अनुबंध जारी किया गया है तथा निर्माण कार्य प्रगति पर है।
नवीन भवन से उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
महाविद्यालय का अपना भवन बनने से विद्यार्थियों को स्कूल भवन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। महाविद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप 415.62 लाख रुपए की लागत वाले भवन तैयार होने से कक्षाओं के संचालन, अध्ययन-अध्यापन और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।
नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होने के साथ ही क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

