निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रारंभ..कोरबा जिले में 1,211 मतदान केंद्र और 8,27,041 मतदाता


कोरबा (CITY HOT NEWS)///


भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में छत्तीसगढ़ राज्य में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इसके तहत मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक किया गया। निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया गया है। इस अवधि में 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्राप्त कर उनका निराकरण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार 1 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से भी निर्धारित प्रारूप में अग्रिम आवेदन प्राप्त कर पंजीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा जिले में प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन की स्थिति में कुल 1,211 मतदान केंद्र हैं। जिले में कुल 8,27,041 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 4,13,247 पुरुष, 4,13,781 महिला और 13 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर, भारतीय जनता पार्टी से श्री अमीलाल चौहान, बहुजन समाज पार्टी से श्रीमती त्रिवेणी भास्कर, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री मोहम्मद साहिद, आम आदमी पार्टी से श्री रिचर्ड डी. लोगन तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री दीनदयाल भारद्वाज उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम और निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की आवश्यकता से अवगत कराया। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने पुनरीक्षण के दौरान आवश्यक सहयोग देने पर सहमति जताई। आम मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला कार्यालय एवं विधानसभा स्तर पर हेल्प डेस्क का गठन किया गया है।

Chhattisgarh