- 82 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर दिया गया उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(CITY HOT NEWS)//
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत मंगलवार को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान जिले की 145 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इनमें 82 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं के संबंध में आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
अभियान के अंतर्गत जिले में प्रत्येक माह की 9 एवं 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इस माह 9 नवम्बर को शासकीय अवकाश होने के कारण अभियान का आयोजन 10 नवम्बर को जिला चिकित्सालय, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं चिन्हांकित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया। अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन और कैल्शियम की नियमित खुराक, संस्थागत प्रसव तथा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान संभावित जटिलताओं एवं उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान कर उन्हें समुचित उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु के जोखिम को कम किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे नियमित रूप से प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच कराएं तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह आयोजित होने वाले विशेष जांच दिवसों का लाभ उठाएं।

