- राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ पर देशव्यापी महाअभियान में सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुण्डा की सहभागिता
- 69 पदाधिकारी एवं आचार्य परिवार रहे उपस्थित
कुसमुण्डा/कोरबा (CITY HOT NEWS)///
। राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को देशभर में आयोजित होने वाले सामूहिक गायन कार्यक्रम को लेकर सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुण्डा (गेवरा बस्ती) में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में कार्यक्रम की व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
आयोजकों के अनुसार 25 सितंबर को ठीक सुबह 11 बजे सम्पूर्ण भारत में एक समय और एक स्वर में ‘वन्दे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया जाएगा। इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुण्डा में भी कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विद्यालय परिवार सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता रहेगी।

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्री जुड़ावन सिंह ठाकुर एवं श्री कीर्ति अग्रवाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ तथा सभी आचार्य परिवार को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष श्री रमेश राठौर, सहसचिव श्री श्रवण कुमार यादव, कोषाध्यक्ष श्री रामेश्वर सोनी एवं प्राचार्य श्री चिन्तामणी कौशिक के साथ विद्यालय के आचार्य परिवार तथा किशोर भारती एवं कन्या भारती के कुल 69 पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा के साथ विद्यार्थियों से ‘वन्दे मातरम्’ का नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया गया। विद्यार्थियों से स्वयं अभ्यास करने और अपने-अपने कक्षा समूह में गीत साझा कर अन्य विद्यार्थियों को भी कंठस्थ कराने का निष्ठापूर्वक प्रयास करने कहा गया है।
विद्यालय परिवार ने इस महाअभियान में सहभागिता को गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि इससे सहभागी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास में अपनी भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में आचार्य परिवार, समिति परिवार, किशोर भारती एवं कन्या भारती के पदाधिकारी, विद्यालय के भैया-बहिन, समीपवर्ती विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण, पूर्व छात्र, पूर्व आचार्य, अभिभावक, जनप्रतिनिधि तथा देशप्रेमी नागरिक शामिल होंगे।

कार्यक्रम का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुसमुण्डा (गेवरा बस्ती) में किया जाएगा। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए प्राचार्य, आचार्य एवं समिति परिवार से संपर्क किया जा सकता है तथा मोबाइल नंबर 9827951345 पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों एवं देशप्रेमी नागरिकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर सामूहिक गायन में सहभागी बनने की अपील की है, ताकि ‘वन्दे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस महाअभियान में कुसमुण्डा की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।


