कोरिया// कोरिया जिले में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-43 पर तेज रफ्तार बस और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि 14 लोग घायल हैं। जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं। घटना चरचा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी निवासी श्रद्धालु रविवार सुबह बोलेरों में सवार होकर कुदरगढ़ जा रहे थे। चरचा थाना क्षेत्र के नगर जंगल में रांची से चिरमिरी जा रही राजहंस बस से बोलेरो की भिड़ंत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बच्चों समेत 14 घायल, एक की मौत
हादसे में बोलेरो सवार महिला रितु सिंह की मौके पर मौत हो गई। चार बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर चरचा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हॉस्पिटल भेजा। हादसे में दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
घायलों का चल रहा इलाज
घायलों को बैकुंठपुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। हादसा जमदुआरी घाट पर हुआ है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थल को नेशनल हाईवे ने ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया है।

