बलौदाबाजार// छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से पिता और बेटे की मौत हो गई। नेहरू चौक स्थित घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। सुबह नींद से जागने के बाद कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) बालकनी में पहुंचे और ग्रिल को छूते ही करंट की चपेट में आ गए। वे ग्रिल से चिपक गए।
पिता को बचाने के लिए उनका 24 साल का बेटा ओम गुप्ता भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों को बचाने पहुंचीं राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) को भी बिजली का झटका लगा और वह दूर जा गिरीं।
आसपास के लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी का हाईटेंशन तार गुजरा है। आशंका है कि इसी तार से निकली चिंगारी लोहे की ग्रिल तक पहुंची, जिससे उसमें करंट फैल गया। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई गई है। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
देखिये यह तस्वीरें…

नेहरू चौक स्थित कारोबारी राकेश गुप्ता का घर।

घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में फैला था करंट।

हादसे में पिता और बेटे की मौत हो गई है, पत्नी की हालत गंभीर है।
ग्रिल में पहले से फैला था करंट
जानकारी के मुताबिक, राकेश गुप्ता (45), पिता पुरुषोत्तम लाल गुप्ता, शुक्रवार सुबह रोज की तरह नींद से जागे थे। इसके बाद वे घर की बालकनी में गए। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगाया। ग्रिल में करंट फैला हुआ था, जिसके कारण वे बिजली के झटके की चपेट में आ गए और उससे चिपक गए।
पिता को ग्रिल से चिपका देखकर उनका बेटा ओम गुप्ता (24) उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने पिता को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते परिवार के दो सदस्य बिजली के संपर्क में आ गए।

घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा, उन्हें भी लगा करंट
पति और बेटे को करंट की चपेट में देखकर वर्षा गुप्ता (45) उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं। इस दौरान उन्हें भी बिजली का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरीं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस ने पिता और बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
थाना कोतवाली बलौदाबाजार के पीएसआई खिलेंद्र कुमार ने बताया कि करंट की चपेट में आने से राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल महिला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी का हाईटेंशन तार गुजरा है। आशंका है कि बालकनी में रखे सफाई के सामान के तार के संपर्क में आने से उसमें करंट फैल गया। इसके चलते बालकनी की लोहे की ग्रिल में भी करंट उतर आया और उसे छूते ही राकेश गुप्ता उसकी चपेट में आ गए। हालांकि, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

