एमसीबी : पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों से मिलीं कलेक्टर स्वास्थ्य और शिक्षा की ली जानकारी

पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों से मिलीं कलेक्टर स्वास्थ्य और शिक्षा की ली जानकारी
  • त्रैमासिक बैठक में बच्चों एवं उनके परिजनों से किया आत्मीय संवाद, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मिशन वात्सल्य योजना के तहत स्पॉन्सरशिप की कार्यवाही की समीक्षा

एमसीबी/ (CITY HOT NEWS)///

जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के अंतर्गत लाभान्वित बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, संरक्षण एवं समग्र विकास की जानकारी लेने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुश्री संतन देवी जांगड़े ने बच्चों के साथ त्रैमासिक बैठक कर उनसे मुलाकात की। जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा द्वारा आयोजित इस मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने अभिभावक की भूमिका में बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य एवं दैनिक आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को भेंट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके परिजनों से भी बातचीत कर बच्चों की देखभाल एवं पारिवारिक परिस्थितियों की जानकारी ली।

बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं शिक्षा की ली जानकारी
बैठक के दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने पीएम केयर्स योजना के अंतर्गत लाभार्थी बच्चों की निःशुल्क नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की नियमितता, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं एवं चिकित्सकीय देखभाल की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा, अध्ययन की प्रगति एवं शैक्षणिक आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की। कलेक्टर ने बच्चों से उनकी पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं उचित देखभाल को महत्वपूर्ण बताया।

मिशन वात्सल्य योजना के तहत स्पॉन्सरशिप की कार्यवाही की समीक्षा
कलेक्टर ने मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप योजना से संबंधित कार्यवाही की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से योजना के अंतर्गत बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता एवं संबंधित प्रक्रियाओं की प्रगति के विषय में चर्चा की। इस दौरान बच्चों के संरक्षण, देखभाल एवं आवश्यक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कलेक्टर ने लाभार्थी बच्चों के परिवारजनों एवं परिजनों से सीधे संवाद कर बच्चों की वर्तमान स्थिति, पारिवारिक वातावरण, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को आवश्यक सहयोग एवं उचित देखभाल उपलब्ध कराने के लिए परिवार और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

हर महीने हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण, राज्य को भेजी जा रही रिपोर्ट
बैठक में उपस्थित जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख) ने कलेक्टर को अवगत कराया कि पीएम केयर्स योजना के अंतर्गत लाभार्थी बच्चों का प्रतिमाह नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित रिपोर्ट भी नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रेषित की जाती है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी की जा सके।
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा उनकी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास एवं सुरक्षित भविष्य के लिए शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी  आदित्य शर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखरेख), पीएम केयर योजना के लाभार्थी बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

Chhattisgarh