दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले के स्मृति नगर इलाके में प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश में मारपीट का मामला सामने आया है। एक्स गर्लफ्रेंड को दूसरे युवक के साथ घूमते देख पूर्व प्रेमी ने अपने साथियों के साथ उसका पीछा किया। जान बचाने के लिए युवक और युवती कार गैरेज में घुस गए।

आरोपियों ने वहां पहुंचकर युवक पर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए गैरेज संचालक और उसके भाई को भी पीटा। हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र की है।
देखिए तस्वीरें…

जान बचाने के लिए युवक और युवती कार गैरेज में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए।

आरोपियों ने युवक को कार से खींचकर जमकर पीटा। बीच बचाव में गैरेज संचालक और उसके भाई को चोट आई है।

आरोपी एक के बाद एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला करते रहे।
दो दिन से युवक पर रख रहे थे नजर
जानकारी के मुताबिक, नागेंद्र सोमंकर की पूर्व प्रेमिका सारांश सिंह नाम के युवक के साथ घूम रही थी। दोनों को साथ देखने के बाद नागेंद्र ने अपने साथी अजय ठाकुर और अन्य युवकों के साथ उनका पीछा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो दिनों से सारांश पर नजर रख रहे थे। हालांकि, पुलिस ने विवाद की वजह पुरानी रंजिश बताई है।
जान बचाने गैरेज में घुसे, पीछा करते हुए वहां पहुंचे हमलावर
आरोपियों से बचने के लिए सारांश सिंह अपनी महिला मित्र के साथ कारफाई नाम के गैरेज में घुस गया। उन्हें लगा कि वहां सुरक्षित रहेंगे, लेकिन पीछा करते हुए आरोपी भी पहुंच गए। गैरेज परिसर में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नागेंद्र और उसके साथियों ने सारांश पर चाकू से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए गैरेज संचालक और भाई पर भी हमला
गैरेज में मारपीट होते देख संचालक आनंद शर्मा और उनके भाई मनीष शर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। आरोपियों ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात में सारांश, आनंद और मनीष तीनों घायल हो गए। मनीष शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। तीनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार लूटा गया मोबाइल बरामद किया है।
मोबाइल लूटकर भागे आरोपी, CCTV में कैद हुई वारदात
हमले के बाद आरोपी सारांश सिंह का मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें गैरेज के अंदर हुई मारपीट के दृश्य कैद हुए हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर भी जांच की।
6 आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार, कृष्णा शर्मा ने 9 नवंबर को स्मृति नगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रात करीब 12 बजे नागेंद्र सुमनकर अपने साथियों के साथ कार गैरेज पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान धारदार हथियार से हमला कर तीन लोगों को घायल किया गया और मोबाइल फोन लूट लिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309 सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

