उत्तर बस्तर कांकेर, (CITY HOT NEWS)///
कांकेर जिले में 11 सड़कों के विस्तार, मजबूतीकरण व चौड़ीकरण के लिए 411 करोड़ 10 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इसमें नारायणपुर जिला से कनेक्टीविटी बढ़ेगी साथ ही अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर क्षेत्रों में भी सड़कों विस्तार होगा। इनमें कई कार्य प्रगतिरत हैं, जबकि कुछ कार्यों की स्वीकृति हाल ही में जारी की गई है। इन निर्माण कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख कार्यों में कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग (एसएच-06) के 48.40 किमी लंबाई के कार्य के लिए 128 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है। इसी तरह नारायणपुर जिला के राजनांदगांव-बैलाड़िला मार्ग किलोमीटर 176/60 से 209, गढ़बेंगाल-धौड़ाई-छोटेडोंगर मार्ग के 32.60 किमी सीमेंट कांक्रीट मार्ग के लिए 105 करोड़ 22 लाख रुपये तथा पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग के 19 किलोमीटर हिस्से के लिए 54 करोड़ 74 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कांकेर-अमोड़ा-नरहरपुर मार्ग के 11 से 26वें किलोमीटर, कुल 06 मिलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 40 करोड़ 23 लाख रुपये, सोनपुर-नारायणपुर मार्ग के बेचाघाट में कोटरी नदी पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 15 करोड़ 52 लाख रुपये तथा सिवनी-राजपुर मार्ग पर नारंगी नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 16 करोड़ 45 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
इसके अलावा धौड़ाई सीमा से परपा तक पहुंच मार्ग पुल-पुलिया सहित, लंबाई 09 किलोमीटर के लिए 11 करोड़ 17 लाख रूपए, भानपुरी-मुंडागांव-नारायणपाल मार्ग पर नारंगी नदी में उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लए 11 करोड़ 70 लाख रूपए, चारामा-कोरर के 15/8 से गिधाली-रतेडीह-कुर्रूटोला पहुंच मार्ग पुल-पुलिया सहित लंबाई 06 किलोमीटर के लिए 10 करोड़ 18 लाख रूपए, जिला नारायणपुर के आतरगांव-बड़गांव-छोटेडोंगर-सतीघाट तक सड़क निर्माण कार्य पुल-पुलिया सहित 09 करोड़ 81 लाख रूपए और कांकेर जिले के चारामा विकासखण्ड के लखनपुरी-उड़कुड़ा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 07 करोड़ 43 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस सड़कों के निर्माण से जिले में नेटवर्क मजबूत होने के साथ आवागमन सुगम होगा। विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में सुविधा मिलेगी।

