इंटर कास्ट मैरिज को लेकर विवाद, 70 वर्षीय पिता की पीट-पीटकर हत्या; बेटा गिरफ्तार, जेल भेजा गया..

सरगुजा// छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में इंटर कास्ट मैरिज को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने 70 साल के पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसे सूरजपुर जिले के जयनगर से हिरासत में लिया। आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूटा की है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पूटा के मनीनाथ मझवार (70) का शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अपने बेटे परवल राम (48) से पारिवारिक कारणों को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान पिता ने बेटे को गालियां दीं।

इससे गुस्साए परवल राम ने पिता को हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीट दिया। मारपीट में मनीनाथ को अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

सूरजपुर से गिरफ्तार किया गया आरोपी

मनीनाथ मझवार की पत्नी देर शाम घर लौटी तो उसने पति का शव घर के बाहर देखा। इसके बाद उसने गांव के सरपंच नंदाराम को इसकी जानकारी दी। सरपंच की सूचना पर उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने शनिवार को फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

आरोपी को पुलिस ने सूरजपुर से किया गिरफ्तार

आरोपी को पुलिस ने सूरजपुर से किया गिरफ्तार

घटना के बाद से फरार आरोपी की पुलिस तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने उसे सूरजपुर जिले के जयनगर से हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने पिता की हत्या करना कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

इंटर कास्ट मैरिज को लेकर होता था विवाद

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि परवल राम ने इंटर कास्ट मैरिज की थी। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कई साल से विवाद चल रहा था। आरोपी के दो बच्चे हैं। उसका बेटा 16 साल का है, जबकि एक छोटी बेटी भी है।

Chhattisgarh