जमनीपाली – अग्रवाल सभा दर्री जमनीपाली जैलगांव के द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अग्रसेन महाराज की जयंती रविवार को उत्साहपूर्वक धूमधाम से मनाई गई । इस अवसर पर भवानी बाजार से झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई । शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजजनों के द्वारा स्वागत एवं आरती का प्रबंध किया गया था ।
अग्रसेन जयंती के मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त गिरधर गुप्ता खरसिया, सुशील अग्रवाल रायपुर, अति विशिष्ट अतिथि जिला संख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल सक्ती उपस्थित रहे । जिन्होंने सर्व प्रथम महाराजा अग्रसेन जी और कुल देवी माता लक्ष्मी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित किया तत्पश्चात मंचस्थ कार्यक्रम के शुरूआत में अग्रवाल सभा,अग्रवाल महिला मंडल, मड़वाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर भव्य स्वागत किया । इस दौरान अग्रसेन जयंती समारोह सप्ताह महोत्सव के समस्त खेल प्रतियोगिताओं के विजेता उप विजेताओं को अतिथियों के करकमलाें से पुरूस्कृत कराया गया । अपने – अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि गिरधर गुप्ता, सुशील अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल ने अग्रसेन जी महाराज के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अग्रसेन ने सेवा, सहयोग, समरसता और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता को जीवन का आधार बनाया गिरधर गुप्ता ने कहा कि अग्रसेन जी के एक रूपया और एक ईंट का संदेश को अपनाने के साथ – साथ जरूरतमंदों को अल्प आर्थिक सहयोग प्रदान के अलावा उन्हें स्वयं आर्थिक सक्षम बनने में मददगार बने उन्हें प्रशिक्षण दिलायें, रोजगार मुहैय्या कराये तभी हम सामाजिक समानता की ओर अग्रसर होंगे और हमारा समाज और भी विकास करेगा । सुशील अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि वे युवा अवस्था से ही सामाजिक जीवन के प्रति आकृषित थे । इसके अलावा श्रमिकों के हितों के लिए लंबे समय से उनकी लड़ाई में उनके साथ हैं । इस मौके पर सुशील अग्रवाल ने सामाजिक उत्थान के लिए एक लाख इक्कावन हजार की राशि प्रदान करने की घोषणा की ।
जिला संख्यिकी अधिकारी राकेश अग्रवाल सक्ती ने कहा कि आज के समय में अग्रवाल समाज के छात्र – छात्राएं हर क्षेत्र में आगे हैं । प्रशासनिक अधिकारी, सी ए, वैज्ञानिक, उद्योगपति, खिलाड़ी, कलाकार जैसे विभिन्न क्षेत्र में समाज का नाम रोशन कर रहे हैं । इसलिए बच्चों को पढ़ाये जरूर लेकिन साथ ही संस्कारी जरूर बनाएं । राकेश अग्रवाल एवं गिरधर गुप्ता ने भी समाज में सहयोग देने स्वीकृत प्रदान किया है । सभा के संरक्षक प्रेम अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में बताया कि किस प्रकार सामाजिक सहयोग से हम यहॉं तक पहुंचे हैं । दर्री जमनीपाली अग्रवाल सभा के सभी सदस्यों ने तन-मन-धन से सहयोग दिया है । इसके अलावा रायपुर, कोरबा, नैला, पेण्ड्रा, खरसिया, सक्ती आदि स्थानों से भी सामाजिक सहयोग मिला है । अग्रवाल महिला मंडल अध्यक्ष संगीता पालीवाल ने भी अपने विचार रखे । कार्यक्रम में सफल संचालन सभा के उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया और सचिव मनोज अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया ।


