- 27 एवं 28 नवंबर को सत्यापन और आवश्यकतानुसार काउंसलिंग के बाद जारी होंगे नियुक्ति आदेश
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों (सेजेस) में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया का आगामी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 25 और 26 नवंबर को जिला मुख्यालय में किया जाएगा। इसके बाद 27 और 28 नवंबर को शेष सत्यापन तथा आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग की कार्यवाही पूरी कर नियमानुसार नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 1/463863/2026/सेजेस भर्ती/2026-27 के अनुसार, जिले के आरक्षण रोस्टर के अनुरूप तैयार मेरिट एवं चयन सूची 21 नवंबर को स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकृत पोर्टल पर जारी की गई है। अभ्यर्थी सूची में अपना नाम और चयन संबंधी विवरण देख सकते हैं।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, आयु तथा आरक्षण संबंधी प्रमाण-पत्रों सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जाँच की जाएगी। प्रस्तुत मूल दस्तावेजों का ऑनलाइन आवेदन और चयन सूची में दर्ज जानकारी से मिलान किया जाएगा। विज्ञापन में निर्धारित पात्रता शर्तों के आधार पर जाँच के बाद सत्यापन प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय समिति गठित की गई है। संयुक्त कलेक्टर श्री तुलाराम भारद्वाज एवं डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक राठौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को दस्तावेज सत्यापन तथा कंप्यूटर संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर अपने सभी मूल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक प्रमाण-पत्र, आरक्षण संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक अभिलेख लेकर उपस्थित होने की अपील की है, ताकि सत्यापन एवं आगे की नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

