
रायपुर (CITY HOT NEWS)//
शासन की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण युवा अपना व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। इसी कड़ी में कोण्डागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम बागबेड़ापारा पलना (चिंगनार) निवासी श्री रामजी नेताम ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) का लाभ लेकर मिनी राइस मिल स्थापित की और स्वरोजगार की दिशा में एक नई शुरुआत की।
साधारण कृषक परिवार से ताल्लुक रखने वाले रामजी नेताम स्नातकोत्तर तक शिक्षित हैं। शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने नौकरी की तलाश करने के बजाय स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने का निर्णय लिया। अपने क्षेत्र की जरूरतों को समझते हुए उन्होंने पाया कि पलना क्षेत्र में आधुनिक मिनी राइस मिल की आवश्यकता है। इसी आवश्यकता को अवसर में बदलते हुए उन्होंने राइस मिल स्थापित करने की योजना बनाई।
अपने सपने को साकार करने के लिए उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र कोण्डागांव के माध्यम से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का लाभ लिया। योजना के अंतर्गत उन्होंने बैंक से 6.30 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया। उन्हें योजना के तहत 35 प्रतिशत अनुदान के रूप में 2.20 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने अपनी मिनी राइस मिल स्थापित की और व्यवसाय का संचालन शुरू किया।
रामजी नेताम की मेहनत और लगन का परिणाम है कि महज दो वर्षों में उनका व्यवसाय लगभग 2 लाख रुपये का टर्नओवर हासिल कर चुका है। उनकी राइस मिल क्षेत्र के किसानों की जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है। साथ ही, उन्होंने अपने प्रतिष्ठान में दो स्थानीय व्यक्तियों को रोजगार देकर उनकी आजीविका का भी सहारा बनाया है।
रामजी नेताम अपनी सकारात्मक सोच, मेहनत और शासकीय योजनाओं का समुचित लाभ लेकर उद्यमिता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं। शासन की यह योजना न केवल उनके परिवार को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी योगदान दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के लिए साधुवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें फर्श से अर्श तक पहुंचा दिया है।

