युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर की आत्महत्या: सुसाइड से पहले यू-ट्यूब पर बनाया वीडियो, बताई अपनी प्रताड़ना की कहानी…कहा– मायकेवालों के बहकावे में आकर उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई…पत्नी को बेइंतहा प्यार किया, उसने केवल प्रताड़ना दी…

बिलासपुर// बिलासपुर में एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। सुसाइड से पहले उसने वीडियो भी बनाया है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल वालों के साथ ही कई लोगों को जिम्मेदार ठहराया है।

उसकी महज 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। युवक ने वीडियो में कहा कि मायकेवालों के बहकावे में आकर उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई। ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित किया, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है। घटना GRP थाना क्षेत्र के दाधापारा स्टेशन के पास की है।

युवक ने शनिवार को ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी थी।

युवक ने शनिवार को ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी थी।

मौत से पहले बनाया 29 मिनट का वीडियो, यू-ट्यूब पर किया अपलोड

सुसाइड से पहले युवक ने 29 मिनट का वीडियो बनाया है, जिसमें आनंद देवांगन कह रहा है कि, मेरी पत्नी मुझे छोड़कर चली गई। हमारी शादी 27 नवंबर 2024 से 25 मार्च 2025 तक चली, 4 महीना भी कम्पलीट नहीं हुआ था। सिर्फ मम्मी और दीदी के बहकावे में आकर घर छोड़कर चली गई। इस विषय पर मैंने ससुराल वालों से कई बार बात की लेकिन वे बैठकर बात करने को ही राजी नहीं थे।

आनंद के मुताबिक, इसके बाद उसने बहुत से वकीलों से सलाह लिया था और सभी ने कहा लड़की पक्ष स्ट्रॉन्ग है, क्योंकि आजकल का संविधान है, कानून है, सभी उनका ही पक्ष सुनते हैं।

अपनी पत्नी शुभि से बेइंतहा प्यार करता था आनंद।

अपनी पत्नी शुभि से बेइंतहा प्यार करता था आनंद।

कॉल रिकॉर्डिंग सहित कॉपी में लिखी प्रताड़ना की कहानी

युवक ने आगे कहा कि आप चाहे जितना भी स्ट्रॉन्ग रहे लेकिन, कानून उनका ही सुनता है। मेरे पास सबूत भी है, कॉल रिकॉर्डिंग है। वीडियो में युवक कह रहा है कि प्रताड़ना की कहानी इतनी लंबी है, जिसे कॉफी में पूरा नहीं लिख सका हूं, फिर भी वकील सहित कई लोगों ने बोला कि कोई गारंटी नहीं तुम्हारी घरवाली वापस आएगी।

ससुराल वाले दिन में उसे 25-30 बार कॉल करते थे। उन्होंने केवल उसके दिमाग में कचरा भरा है। आप भी सोचेंगे कि ऐसे में तो कोई भी बेटी अपने ससुराल में नहीं रह पाएगी। अपने पति-सास, ससुर के साथ। घर में मैं हूं, मेरे मम्मी और पापा हैं। उन्होंने कभी किसी बात के लिए मना नहीं किया। कभी रोक-टोक नहीं किया।

आनंद के मुताबिक, चार महीने में वो केवल दो माह घर में रही होगी। साड़ी से शूट पहनने लगी थी, मैंने हर चीज हर जरूरत का सामान मांगने से पहले दिया, जहां बोलती वहां ले गया। फिर अपनी मम्मी, दोनों बहन और जीजा के बहकावे में आकर मुझे छोड़ दी। मेरा भी तो दुख को सुनो, तकलीफ सुनो, कोई नहीं है सुनने वाला।

वीडियो बनाकर यू-ट्यूब में अपलोड किया और बताई अपनी प्रताड़ना की कहानी।

वीडियो बनाकर यू-ट्यूब में अपलोड किया और बताई अपनी प्रताड़ना की कहानी।

आनंद बोला- लड़कों के लिए कोई कानून नहीं

मृतक आनंद देवांगन ने अपने 29 मिनट के वीडियो में कई बार अपनी मौत के लिए पत्नी और ससुराल वालों के साथ संविधान, समाज और पत्नी के एक्स बॉयफ्रेंड को कारण बताया है। उसने कहा है कि पूरे सिस्टम में सिर्फ लड़कियों के लिए कानून है लड़कों की कहीं कोई सुनवाई नहीं होती है।

युवक अपनी समस्या को लेकर कई वकील और समाज के पदाधिकारियों के पास गया था। लेकिन, सभी जगहों पर उसे लड़की का पक्ष मजबूत होने के कारण न्याय नहीं मिला।

एक्स बॉयफ्रेंड कपड़ा व्यवसायी पर लगाया धमकाने का आरोप

मृतक आनंद ने वीडियो में पत्नी पर मां और बहनों के बहकावे में आकर 2 बार गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पत्नी की मां फिरंतिन बाई, उसकी बड़ी बहन पुनीता, जीजा केशव देवांगन, जीजा का भाई मनोहर देवांगन, छोटी बहन पुक्की उर्फ फुलेश्वरी, उसका बॉयफ्रेंड शिवा देवांगन के साथ पत्नी के एक्स बॉयफ्रेंड संदीप थावलानी को अपनी मौत का कारण बताया है।

वीडियो में युवक ने कहा कि कपड़ा व्यवसायी संदीप उर्फ संजू थावलानी ने अलग-अलग नंबरों से कॉल करके उसे धमकाया, उससे गाली-गलौज की। पत्नी की बहनें उसकी कपड़ा दुकान में काम करती हैं। युवक ने आरोप लगाया कि संजू थावलानी ने कैश और महंगे गिफ्ट देकर पत्नी की मां और बहन के साथ भी संबंध बनाए।

आनंद ने शनिवार की शाम दाधापारा रेलवे स्टेशन के नजदीक मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी।

आनंद ने शनिवार की शाम दाधापारा रेलवे स्टेशन के नजदीक मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी।

टिफिन सेंटर चलाता है परिवार, प्राइवेट जॉब करता था युवक

जीआरपी थाना प्रभारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि युवक सरकंडा के चिंगरापारा में परिवार के साथ रहता था। शनिवार की शाम उसने दाधापारा रेलवे स्टेशन के नजदीक मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी। इस हादसे में उसकी मौत हो गई।

आनंद पिछले तीन महीने से अपनी पत्नी और उसके घर वालों की प्रताड़ना से परेशान था। दरअसल, उसकी शादी चांपा की रहने वाली शुभि देवांगन से हुई थी। चार महीने साथ रहने के बाद जब उसे पता चला कि वह गर्भवती है। तो उसने मां के बीमार होने की झूठी कहानी बनाई और 24 मार्च को सास-ससुर से विवाद कर मायके चली गई।

युवक उसे वापस घर लाने के लिए लगातार प्रयास करता रहा। लेकिन, उसकी मां और बहनों ने उसे जाने नहीं दिया। पत्नी भी हर बार अपने पति उसके माता-पिता का अपमान करती रही। मरने से पहले आनंद ने 29 मिनट का वीडियो बनाया है।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

जीआरपी थाना प्रभारी डीएन श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। युवक ने यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड किया है। इसके साथ ही उसने कॉपी में भी अपनी प्रताड़ना की कहानी लिखी है।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वीडियो और सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच कर आत्महत्या के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh