दुर्ग-भिलाई// दुर्ग जिले में बैंक खाते से बिना जानकारी 2.30 लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। साथ काम करने वाले होरी लाल यादव (30) ने अपने अनपढ़ साथी दिनेश यादव के भरोसे का फायदा उठाया। वह बैंक में रुपए जमा करने और निकालने में उसकी मदद करता था। इसी दौरान उसे खाते और लेनदेन की जानकारी हो गई।

आरोप है कि उसने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में खाते से रकम निकाल ली। शिकायत के बाद वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बैंक के काम में मदद करता था आरोपी
राजीव नगर सुपेला निवासी दिनेश यादव का कैनरा बैंक सुपेला में खाता है। वह पढ़ा-लिखा नहीं है और बैंक में रुपए जमा करने या निकालने के लिए अपने साथ काम करने वाले होरी लाल यादव की मदद लेता था। इस वजह से होरी लाल को उसके बैंक खाते और लेनदेन की जानकारी थी।
7 महीने तक किस्तों में निकाले रुपए
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसी जानकारी और भरोसे का फायदा उठाया। उसने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच दिनेश की जानकारी और सहमति के बिना अलग-अलग किस्तों में करीब 2 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए। रकम खाते से निकलती रही, लेकिन दिनेश को इसकी जानकारी नहीं हुई। बाद में खाते से रुपए गायब होने का पता चलने पर उसने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बयान और बैंक लेनदेन की जांच के बाद गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 305 BNS में मामला दर्ज किया। पुलिस ने दिनेश और गवाहों के बयान लिए तथा बैंक खाते से हुए लेनदेन की जानकारी जुटाई। इसके बाद होरी लाल को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब 2.30 लाख रुपए निकालकर खर्च करना स्वीकार किया। जांच में पर्याप्त सबूत मिलने पर पुलिस ने 13 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

