धमतरी// छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शहर से लगे मुजगहन गांव में दो युवकों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में गांव के पूर्व सरपंच के बेटे दीपांशु साहू की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

मुजगहन गांव में देर रात वारदात
घटना के बाद दोनों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने मामले में 3-4 संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

दोनों युवकों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
देर रात दो युवकों पर किया हमला
घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम मुजगहन की है। जानकारी के मुताबिक, बीती रात कुछ लोगों ने दीपांशु साहू और उसके साथी पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पूर्व सरपंच के बेटे दीपांशु साहू ने दम तोड़ दिया। दूसरे युवक का इलाज जारी है।

पुरानी रंजिश समेत कई पहलुओं पर जांच
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मुताबिक, मामले में 3-4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। आशंका पुरानी रंजिश को लेकर जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल युवक करीब दो साल पहले एक हत्या के मामले में जेल गए थे। बाद में दोषमुक्त होने के बाद वे बाहर आए थे। पुलिस इस पुराने मामले से मौजूदा वारदात के किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संदेहियों से पूछताछ और जांच के बाद ही घटना के कारणों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

