
पूर्व सरपंच की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार
कोंडागांव// छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम अरंडी में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी दूसरी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात भी दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ तो भगनी ने टांगी से गोविंद के गले और सिर पर कई वार कर दिए। इससे पूर्व सरपंच की मौत हो गई। वारदात के बाद महिला मौके से फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद उसे बेडमा से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद भगनी पूर्व सरपंच के संपर्क में आई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और करीब तीन साल से साथ रह रहे थे। गोविंद ने भगनी को चूड़ियां पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया था।
पुलिस के मुताबिक, गोविंद को भगनी के चरित्र पर शक था। वहीं, भगनी बार-बार उनसे पैसों की मांग करती थी। इन बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है।
पहले देखिए तस्वीरें

महिला ने पति से बहस के बाद उसकी टंगिया से मार कर हत्या कर दी।

वारदात के बाद घटनास्थल पर आसपास और गांव के लोग मौजूद।

वारदात के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंची केशकाल थाना की पुलिस
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर की रात ग्राम अरंडी में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम (49) की घर के अंदर हत्या कर दी गई। पूर्व सरपंच गोविंद के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे। घटना की जानकारी मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच और पूछताछ में पुलिस को मृतक की पत्नी भगनी नेताम (45) पर शक हुआ। घटना के बाद से वह घर से गायब थी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और लगातार पतासाजी के बाद उसे बेडमा से पकड़ लिया। पूछताछ में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पहले पति की हत्या के मामले में काट चुकी है 10 साल की जेल
पुलिस के मुताबिक, भगनी नेताम नारायणपुर जिले के ताड़ोकी की रहने वाली है। भगनी ने साल 2011 में अपने पहले पति की हत्या कर दी थी। पहले पति के साथ अनबन और विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब 10 साल जेल में रहने के बाद वह बाहर आई थी।
दोनों के बीच था अफेयर
जांच में पता चला कि पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत के बाद उसकी मुलाकात भगनी नेताम से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद पूर्व सरपंच ने भगनी को चूड़ियां पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया था।
इसके बाद दोनों पिछले तीन साल से साथ रह रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि महिला शराब पीती थी। दोनों के बीच आए दिन विवाद भी होता था।
पुलिस के मुताबिक, गोविंद को भगनी के चरित्र पर शक था। वहीं, महिला बार-बार उनसे पैसों की मांग करती थी। इन बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। रविवार रात करीब 12:01 बजे भी दोनों के बीच बहस हो गई।
विवाद बढ़ने पर महिला ने टांगी से गोविंद के गले और सिर पर कई वार कर दिए। हमले में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला मौके से फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

