गुलेल से पत्थर मारने की बात पर खूनी विवाद, पति-पत्नी और बेटे ने मिलकर ग्रामीण को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला..तीनों गिरफ्तार..

कबीरधाम// कबीरधाम जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया। ग्राम डेंगुरजाम में एक ही परिवार के तीन लोगों ने गांव के एक व्यक्ति पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा - Dainik Bhaskar

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

घटना के बाद कुकदुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, पत्नी और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को 18 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गुलेल से पत्थर मारने की बात पर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, पूरा मामला ग्राम डेंगुरजाम का है। यहां मोहन बैगा, उसकी पत्नी आमबाई उर्फ रामबाई बैगा और बेटे रामदयाल बैगा का गांव के ही इतवारी बैगा के साथ गुलेल से पत्थर मारने की बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर तीनों ने कथित तौर पर एक राय होकर इतवारी बैगा पर डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर चोट लगने से इतवारी बैगा की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वैज्ञानिक अधिकारी के मार्गदर्शन में घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जब्त किए गए। वहीं, मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

निशानदेही पर डंडा जब्त, हत्या का केस दर्ज

पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा और अन्य आवश्यक वस्तुएं जब्त की गईं। मामले में अपराध क्रमांक 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया गया।

पति-पत्नी और बेटे को भेजा जेल

गिरफ्तार आरोपियों में मोहन बैगा (45), उसकी पत्नी आमबाई उर्फ रामबाई बैगा (40) और बेटा रामदयाल बैगा (20) शामिल हैं। तीनों ग्राम डेंगुरजाम के निवासी हैं। पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी कुकदुर निरीक्षक संतोष मिश्रा और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

Chhattisgarh