बलरामपुर (बिलासपुर)// बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पलगी छतौलीपारा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने पति के सिर पर लोहे के तराजू के बाट से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पति की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद खाना नहीं बनाने की बात को लेकर शुरू हुआ था। पति ने पत्नी को तीन थप्पड़ मारे थे, जिसके बाद गुस्से में पत्नी ने उस पर हमला कर दिया।

मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी राजपति कुम्हरिया (32) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर रामानुजगंज न्यायालय में पेश किया है। दंपती के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। इनमें सबसे छोटा बेटा महज दो महीने का है।

मजदूरी से लौटने के बाद हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, ग्राम शारदापुर (ई), थाना चलगली निवासी रामदेव कुम्हरिया (39) ने 16 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर को प्रभात कुम्हरिया और उसकी पत्नी राजपति गांव में धान कटाई की मजदूरी करने गए थे। सुबह करीब 9 से 10 बजे काम पर निकले दंपती शाम करीब 8 से 9 बजे शराब पीकर घर लौटे।
पुलिस के मुताबिक, अधिक नशे में होने के कारण राजपति ने खाना नहीं बनाया। इसके बाद प्रभात ने खुद खाना तैयार किया और पत्नी को खाने के लिए बुलाया। खाना नहीं बनाने की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान प्रभात ने पत्नी के गाल पर तीन थप्पड़ मार दिए।

तराजू के बाट से सिर पर किया वार
पुलिस के अनुसार, थप्पड़ मारने से नाराज राजपति ने लकड़ी की चौकी के नीचे रखे लोहे के किलोबाट (तराजू के बाट) से प्रभात की बाईं आंख के ऊपर माथे पर वार कर दिया। इसके बाद उसे धक्का दिया, जिससे वह लकड़ी की चौकी से टकराकर नीचे गिर गया।
घटना के बाद राजपति अपने कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद प्रभात भी पास में ही सो गया। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे राजपति की नींद खुली तो उसने पति को जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। शरीर छूकर देखने पर उसे पति की मौत होने का पता चला। इसके बाद मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

आरोपी पत्नी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई
एडिशनल एसपी विश्व दीपक त्रिपाठी ने बताया कि जांच में राजपति कुम्हरिया के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12:05 बजे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

