कोण्डागांव : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मिनीमाता महतारी जतन योजना की हितग्राही श्रीमती सरस्वती बघेल को लिखा पत्र

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मिनीमाता महतारी जतन योजना की हितग्राही श्रीमती सरस्वती बघेल को लिखा पत्र
  • मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश पाकर सरस्वती बघेल ने जताया आभार

कोण्डागांव,(CITY HOT NEWS)//

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कोण्डागांव जिले के ग्राम जोन्द्रापदर निवासी एवं मिनीमाता महतारी जतन योजना की हितग्राही श्रीमती सरस्वती बघेल को पत्र लिखकर उन्हें एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने पत्र में उनके दोनों बच्चों के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए मातृत्व के दौरान स्वयं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पत्र में कहा कि बच्चे के जन्म के साथ उसके पालन-पोषण और मां की देखभाल की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार के लिए संबल बनती है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि श्रीमती बघेल को दूसरे बच्चे के जन्म पर मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत मिली सहायता से उपचार, देखभाल एवं नवजात शिशु की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिली।

मुख्यमंत्री ने श्रीमती सरस्वती के पति श्री ललितधर बघेल को भी शुभकामनाएं देते हुए खेती-किसानी के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परिवार के सुख, समृद्धि और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य तथा परिवारों की खुशहाली के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ बचपन और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत शुभकामना संदेश पाकर श्रीमती सरस्वती बघेल ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मिनीमाता महतारी जतन योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता एवं मुख्यमंत्री द्वारा आत्मीयता के साथ पत्र लिखकर शुभकामनाएं देने के लिए उनके प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया।

Chhattisgarh