
- “गांव की गलियों से वर्दी तक पहुंचा अनुक का सपना, अरुणोदय ने दी उड़ान, मेहनत ने दिलाई मंजिल”
सूरजपुर/(CITY HOT NEWS)//
गांव की पगडंडियों से निकलकर वर्दी तक पहुंचने का सफर आसान नहीं होता। इसके लिए सपनों के साथ संसाधन, सही मार्गदर्शन और लगातार मेहनत की जरूरत होती है। प्रेमनगर विकासखंड के छोटे से गांव दुर्गापुर निवासी श्री अनुक साय की सफलता की कहानी इसी विश्वास को मजबूत करती है। सीमित संसाधनों के बीच प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू करने वाले अनुक साय ने कठिनाइयों को पीछे छोड़ते हुए आज थाना बचेली में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ होकर अपने लक्ष्य को हासिल किया है।
अनुक की इस सफलता में जिला प्रशासन द्वारा संचालित अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के सहयोग से संचालित अरुणोदय के माध्यम से जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए विशेष अवसर लेकर आई है, जिनके सामने आर्थिक संसाधनों की कमी अक्सर बड़ी चुनौती बन जाती है।
अनुक बताते हैं कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के शुरुआती दौर में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सही दिशा में तैयारी कैसे की जाए और अपनी कमियों को कैसे दूर किया जाए, इसे लेकर असमंजस था। अरुणोदय से जुड़ने के बाद नियमित कक्षाओं और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण ने उनकी तैयारी को व्यवस्थित किया। शिक्षकों ने विषयों के बेसिक कांसेप्ट को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया, जिससे कठिन विषय भी धीरे-धीरे समझ में आने लगे।
नियमित टेस्ट सीरीज, डाउट क्लियरिंग और व्यक्तिगत मार्गदर्शन ने अनुक की तैयारी को मजबूती दी। लगातार अभ्यास और धैर्य के साथ उन्होंने लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए और अंततः पुलिस सेवा में सब इंस्पेक्टर के रूप में चयनित होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया।
अनुक की सफलता अकेली कहानी नहीं है। अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट में अध्ययन कर चुके कई विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने-अपने क्षेत्र में आगे बढ़ चुके हैं। इन विद्यार्थियों की उपलब्धियां इस बात का उदाहरण हैं कि निरंतर मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन और नियमित अभ्यास के लिए बेहतर मंच मिलने पर जिले के युवा अपनी प्रतिभा को परिणाम में बदल सकते हैं। अरुणोदय आज ऐसे ही अनेक विद्यार्थियों के लिए तैयारी और लक्ष्य के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है।
अपनी सफलता के लिए अनुक जिला प्रशासन और जिला खनिज न्यास निधि के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उनका कहना है कि जिले के विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने वाली यह पहल उनके जैसे अनेक युवाओं के सपनों को नई दिशा दे रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अनुक का संदेश भी उनकी अपनी यात्रा से निकला है – “मेहनत के साथ निरंतरता और धैर्य बनाए रखें। शुरुआत कितनी भी कठिन हो, सही मार्गदर्शन और लगातार प्रयास से सफलता जरूर हासिल की जा सकती है।

