कोरबा// कोरबा जिले के कटघोरा में एक शिक्षक दंपती के बीच चल रहा विवाद थाने तक पहुंच गया। पति को कार में एक युवती के साथ देखने के बाद पत्नी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान पत्नी ने पति के हाथ पर हमला कर उसकी उंगली काट ली।
मामले में दोनों पक्षों ने कटघोरा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पति बोला- कार में बैठी युवती पूर्व छात्रा थी,पत्नी ने समझाने पर भी नहीं मानी बात
कार में युवती को देख पत्नी ने किया विरोध
जानकारी के मुताबिक, घटना कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में पदस्थ शिक्षिका के साथ हुई। उनके पति चैतमा स्कूल में व्याख्याता हैं।
शिक्षिका ने अपने पति को एक युवती के साथ कार में देखा। युवती को कार में देखकर वह नाराज हो गईं। इसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई।
पत्नी का आरोप- गाली-गलौज कर मारपीट और धमकी दी
शिक्षिका ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पति ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनके पक्ष को भी मामले में दर्ज किया है।
पति बोला- कार में बैठी युवती पूर्व छात्रा थी
वहीं, शिक्षक पति ने भी कटघोरा थाने में पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जिस युवती को लेकर विवाद हुआ, वह उनकी पूर्व छात्रा थी और वह कार में बैठी थी।
शिक्षक के मुताबिक, उन्होंने अपनी पत्नी को युवती के कार में होने की पूरी बात समझाने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने उनके हाथ पर हमला किया और उंगली काट ली।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
घटना के बाद पति-पत्नी दोनों कटघोरा थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी। दोनों पक्षों ने मारपीट को लेकर अलग-अलग आरोप लगाए हैं। कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि दोनों पति-पत्नी शिक्षक हैं। दोनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पहले से चल रही थी अनबन
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद होता रहा है और कुछ समय से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। इसी बीच कार में युवती को देखने के बाद विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

