जशपुर// जशपुर जिले के पत्थलगांव में शादी का झांसा देकर 19 वर्षीय युवती को कार से सुनसान जंगल में ले जाकर दुष्कर्म करने और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी रितेश यादव (19) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

शादी से इनकार के बाद युवती ने दर्ज कराई शिकायत
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी रितेश यादव से वर्ष 2024 में पहचान हुई थी। आरोपी युवती के परिवार के होटल में चाय-नाश्ता करने आता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी।आरोप है कि रितेश ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और 3 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे कार से घूमने के बहाने उसे अपने साथ ले गया।

बताने पर जान से मारने की धमकी
झंडा घाट जंगल में ले जाकर दुष्कर्म का आरोप
आरोप के मुताबिक, रितेश युवती को जशपुर रोड स्थित लुड़ेग के झंडा घाट जंगल की ओर ले गया। पीड़िता के अनुसार, सुनसान स्थान पर आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया।इसके बाद आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण युवती ने तत्काल अपने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी।
होटल पहुंचा आरोपी, शादी से इनकार कर धमकाया
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को आरोपी दोबारा होटल पहुंचा और युवती को अपने साथ चलने के लिए कहा। युवती के मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और शादी करने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने अपने पिता को पूरी घटना बताई और परिजनों के साथ पत्थलगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

BNS की धाराओं में अपराध दर्ज
शिकायत के आधार पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 224/2026 दर्ज किया। आरोपी रितेश यादव के खिलाफ BNS की धारा 69, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटनास्थल का निरीक्षण, पीड़िता का मेडिकल कराया
जांच के दौरान महिला पुलिस अधिकारी ने पीड़िता का कथन दर्ज किया। पुलिस ने पीड़िता और साक्षियों के बयान लिए तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों की सहमति से पीड़िता का महिला चिकित्सक से चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी रितेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के मुताबिक, उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसकी संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसडीओपी बोले- तत्काल दर्ज किया अपराध
एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल ने बताया कि युवती की शिकायत पर तत्काल अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

