- दावा-आपत्ति 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक; अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को
कोरबा (CITY HOT NEWS)///
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
नागरिक प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचें। नाम जुड़वाने, दर्ज नाम पर दावा-आपत्ति करने, विवरण में सुधार या निवास स्थान परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन मतदाता सेवा पोर्टल या ईसीआईनेट ऐप के जरिए भी किए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन करें और आवश्यक आवेदन समय पर प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

