रायपुर (CITY HOT NEWS)//
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभागीय छात्रावासों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला बेमेतरा विकासखंड बेरला में संचालित छात्रावासों में उपलब्ध भवन एवं संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए छात्र-छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
विकासखंड बेरला में पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का भवन विहीन होने के कारण इसका संचालन प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास के भवन में संयुक्त रूप से किया जा रहा है। उपलब्ध भवन में प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट मैट्रिक की कुल 61 छात्राओं के लिए पर्याप्त कमरे एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे उपलब्ध शासकीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए छात्राओं को एक ही परिसर में आवश्यक आवासीय सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
इसी प्रकार छात्राओं की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कन्या छात्रावास का संचालन बालक छात्रावास के समीप स्थित भवन में नहीं किया जा रहा है। वर्तमान व्यवस्था के तहत संबंधित भवन में बालक छात्रावास संचालित किया जा रहा है, जबकि कन्या छात्राओं के लिए पृथक एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
विभाग द्वारा छात्रावासों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन के अनुकूल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

