रायपुर : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आत्माराम साहू के बिजली बिल की चिंता हुई दूर

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से आत्माराम साहू के बिजली बिल की चिंता हुई दूर
  • सोलर पैनल से बिजली बिल हुआ शून्य, अतिरिक्त बिजली उत्पादन से मिल रहा आर्थिक लाभ
  • 3 किलोवाट के सोलर पैनल पर मिली 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी

रायपुर (CITY HOT NEWS)//

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने राजनांदगांव जिले छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मासूल निवासी श्री आत्माराम साहू के जीवन में बचत और आत्मनिर्भरता की नई रोशनी लाई है। कभी हर महीने आने वाला बिजली का अधिक बिल उनके परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ डालता था, लेकिन अब घर की छत पर लगा सोलर पैनल न केवल उनकी बिजली की जरूरत पूरी कर रहा है, बल्कि आर्थिक लाभ का माध्यम भी बन गया है। श्री आत्माराम साहू ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केन्द्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये, इस प्रकार कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। शासन की इस सहायता से उनका घर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन गया है।
श्री साहू ने बताया कि पहले हर महीने बिजली का अधिक बिल आने से परिवार के बजट पर असर पड़ता था। बिजली बिल जमा करने की चिंता बनी रहती थी, लेकिन सोलर पैनल लगने के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब उनके घर की जरूरत से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है। अतिरिक्त बिजली विद्युत ग्रिड में भेजी जा रही है, जिससे उनके बिजली खाते में क्रेडिट बढ़ रहा है और बिजली बिल शून्य अथवा माइनस में आ रहा है।उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरतें पूरी होने के साथ ही पैसों की बचत भी हो रही है। पहले जहां बिजली बिल परिवार के लिए आर्थिक बोझ था, वहीं अब अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ मिल रहा है। यह बदलाव उनके परिवार के लिए बड़ी राहत और खुशी लेकर आया है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से सामान्य परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना से बिजली खर्च में कमी आने के साथ पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है। श्री आत्माराम साहू की कहानी इस बात का उदाहरण है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं आम नागरिकों के जीवन में प्रत्यक्ष और सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। श्री आत्माराम साहू ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उनके घर को बिजली उपभोक्ता से बिजली उत्पादक बना दिया है। योजना से उनके परिवार को बिजली बिल की चिंता से मुक्ति मिली है और बचत, आत्मनिर्भरता तथा खुशहाली की नई राह खुली है।

Chhattisgarh