
रायपुर (CITY HOT NEWS)//

कोरिया जिले के विकासखंड सोनहत के ग्राम नवाटोला में लंबे समय से अकार्यशील सोलर पॉवर प्लांट को पुनः शुरू कर दिया गया है। सोलर संयंत्र के बंद होने की जानकारी पर कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के जिला कार्यालय कोरिया को त्वरित कार्रवाई कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए थे।
निर्देश के पालन में क्रेडा की तकनीकी टीम ने ग्राम नवाटोला स्थित सोलर संयंत्र का निरीक्षण कर खराबी का पता लगाया। टीम द्वारा संयंत्र में नया सोलर इन्वर्टर स्थापित किया गया, जिसके बाद संयंत्र पूरी तरह क्रियाशील हो गया और ग्राम में बिजली आपूर्ति सुचारू हो गई।
सोलर संयंत्र के पुनः शुरू होने से ग्राम नवाटोला में बिजली की समस्या का समाधान हो गया है। लंबे समय से चली आ रही समस्या के त्वरित निराकरण से ग्रामीणों में संतोष है।

