कोरबा// कोरबा में मुकुटधर पांडे महाविद्यालय के पास रविवार को चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और दूर भाग गया। कुछ ही देर में स्कूटी आग की लपटों से घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना में चालक को कोई नुकसान नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से स्कूटी में आग लगी। यह मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी स्कूटी से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और वहां से दूर चला गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। आने-जाने वाले वाहन भी रुक गए। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। सूचना मिलने पर 112 की टीम, दमकल वाहन और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

नंबर प्लेट जलने से मालिक का पता लगाना मुश्किल
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी और उसकी नंबर प्लेट भी दिखाई नहीं दे रही थी। इससे वाहन मालिक का पता लगाने में परेशानी हो रही है। चालक भी वाहन छोड़कर जा चुका था। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है, हालांकि आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों ने कलेक्टर को सौंपा था ज्ञापन
कुछ दिन पहले कोरबा में इलेक्ट्रिक ऑटो चालकों ने अपने वाहनों में आ रही परेशानियों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने अपनी समस्याएं बताते हुए समाधान की मांग की थी।

