
- कलेक्टर श्री विश्वदीप के नेतृत्व में जनगणना अधिकारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
बीजापुर (CITY HOT NEWS)//
भारत सरकार के गृह मंत्रालय अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होने के पश्चात द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में जनवरी-फरवरी 2027 में संपादित किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के सुचारू एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को जिला कार्यालय बीजापुर के इन्द्रावती सभाकक्ष में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस कलेक्टर श्री विश्वदीप (आईएएस) के नेतृत्व में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, समस्त अनुविभागीय जनगणना अधिकारी तथा नगरीय एवं ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी प्रशिक्षण में शामिल हुए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक निदेशक श्री हिरेंद्र कुमार सिन्हा एवं जिले के जनगणना नोडल अधिकारी श्री दिव्यांशु कुमार शाक्य द्वारा संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना कार्य को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

