बलरामपुर : सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे विविध सेवा कार्यक्रम, जिला प्रशासन ने नागरिकों से किया व्यापक सहभागिता का आह्वान

बलरामपुर(CITY HOT NEWS)///

सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ संचालित किया जाएगा। माह भर चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत निर्धारित तिथियों में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिनमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को ‘‘आशीर्वाद का दीया’’ कार्यक्रम से होगा। इसी दिन से ‘‘मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा’’ कार्यक्रम प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक चलेगा, जिसकी अवधि सात से दस दिवस निर्धारित की गई है। ‘‘नमो सेवा – अनकही कहानियां’’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के प्रमुख स्थलों पर आयोजित होगा तथा ‘‘सेवा मेरा योगदान’’ कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक, अर्थात संपूर्ण अभियान अवधि में जारी रहेगा।

आंगनबाड़ी केन्द्रों से जुड़ा ‘‘आंगन मिलन सेवा’’ कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए जनसहयोग से खिलौना वितरण की पहल सम्मिलित है। इसके पश्चात 29 सितंबर को ‘‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’’ कार्यक्रम होगा। अक्टूबर माह में 1 से 7 अक्टूबर तक ‘‘सेवा सेतु अभियान’’ संचालित किया जाएगा और 7 अक्टूबर को ‘‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’’ निकाली जाएगी। अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘‘सुशासन सेवा संवाद’’ के साथ होगा।

अभियान की संपूर्ण अवधि में ‘‘सेवा की कहानी’’, ‘‘जल जन सेवा संकल्प अभियान’’ तथा ‘‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चौलेंज’’ सतत रूप से संचालित किए जाएंगे, वहीं ‘‘सेवा संकल्प यात्रा’’ तीन से चार दिवसीय यात्राओं के रूप में निकाली जाएगी।

जिला प्रशासन ने जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं युवाओं से अपील की है कि वे इन निर्धारित तिथियों में आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा है कि सेवा का भाव तभी सार्थक होता है जब वह जन-जन का संकल्प बन जाए। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता और सामर्थ्य के अनुसार इन आयोजनों से जुड़ें, क्योंकि जनभागीदारी से जुड़ी छोटी-छोटी पहलें ही समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व की भावना को मजबूत करती हैं।
संबंधित विभागों को कार्यक्रमों की सुचारु तैयारी एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं, जिससे अभियान की प्रत्येक गतिविधि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक समान रूप से पहुंच सके और ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।

Chhattisgarh