पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 11.30 लाख रुपए की ठगी…आरोपियों ने महिला के भतीजे को नौकरी लगाने का दिया था झांसा..

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया - Dainik Bhaskar

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया

रायगढ़// छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 11.30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला के भतीजे को नौकरी लगाने का झांसा दिया था। नौकरी नहीं लगी और पैसे भी वापस नहीं मिले तो महिला ने पुलिस में शिकायत की।

पुलिस ने पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, छोटे अतरमुड़ा के अलेन किंडो ने 25 अक्टूबर 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि आरोपियों ने उसके भतीजे राहुल किंडो को पुलिस विभाग में कांस्टेबल की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 11 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए।

अलेन के मुताबिक, कॉलेज में प्रोफेसर उत्तरा सिदार ने शुरुआत में 50 हजार रुपए मांगे थे। इसमें से उसने 30 हजार रुपए उत्तरा सिदार को दिए। इसके बाद उसके सहयोगी संजू यादव को 20 हजार रुपए दिए गए। आरोपियों ने बताया था कि यह रकम रायपुर के विकास सिदार को देनी है, जो राहुल की नौकरी लगवाने में मदद करेगा।

फर्जी दस्तावेज दिखाकर दिलाया भरोसा

इसके बाद पीड़िता ने विकास सिदार समेत अन्य आरोपियों के बैंक खातों में अलग-अलग रकम जमा की। इस तरह उसने कुल 11 लाख 30 हजार रुपए दे दिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़िता को नौकरी लगने का भरोसा दिलाया था।

कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था आरोपी

पुलिस ने उत्तरा सिदार और संजू यादव को 26 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, उनका साथी लामीदरहा निवासी 25 वर्षीय अमन यादव फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी और कई जगह दबिश भी दी जा रही थी।

पुलिस की बढ़ती कार्रवाई के बीच अमन यादव कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

ठगी की रकम के लिए दिया था बैंक खाता

जांच में पुलिस को पता चला कि अमन यादव ने उत्तरा सिदार और संजू यादव के कहने पर ठगी की रकम लेने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे भी पैसे दिए गए थे।

पुलिस ने अमन यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।

Chhattisgarh