पीएम किसान सम्मान निधि ने बढ़ाया खेती का भरोसा, लाल बहादुर पांडेय को मिला समय पर आर्थिक सहारा

पीएम किसान सम्मान निधि ने बढ़ाया खेती का भरोसा, लाल बहादुर पांडेय को मिला समय पर आर्थिक सहारा

  • खेत की जरूरतों के समय काम आ रही सम्मान निधि, छोटे किसान लाल बहादुर को मिली राहत


कोरबा (CITY HOT NEWS)///


किसान के लिए खेत ही उसकी मेहनत, उम्मीद और परिवार की आजीविका का आधार होता है। खेती में समय पर जुताई, खाद-बीज और उर्वरक की व्यवस्था फसल की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कोरबा जिले के करतला विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा निवासी छोटे किसान श्री लाल बहादुर पांडेय ने भी सीमित संसाधनों के बीच अपनी खेती को निरंतर आगे बढ़ाया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उनके लिए कृषि कार्यों की आवश्यकताओं को समय पर पूरा करने का रास्ता आसान किया है।
श्री लाल बहादुर बताते हैं कि पहले खेती के मौसम में अचानक सामने आने वाले खर्चों की व्यवस्था करना उनके लिए कठिन होता था। खेत की जुताई, खाद-बीज, रासायनिक उर्वरक और अन्य कृषि कार्यों के लिए राशि जुटाने में परेशानी होती थी। कई बार जरूरत पूरी करने के लिए उन्हें दूसरों से उधार लेना पड़ता था। सीमित आय के बीच खेती का खर्च संभालते हुए वे अपनी कृषि गतिविधियों को आगे बढ़ाते रहे।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलने के बाद श्री लाल बहादुर ने अपनी खेती की जरूरतों को बेहतर ढंग से व्यवस्थित करना शुरू किया। सम्मान निधि की राशि प्राप्त होने पर वे सबसे पहले खेत की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उसका उपयोग करते हैं। समय पर जुताई कराने, खाद-बीज और रासायनिक उर्वरक की व्यवस्था करने में उन्हें आर्थिक सहायता मिलती है। इससे कृषि कार्यों के लिए धन की व्यवस्था करने का दबाव कम हुआ और खेती से जुड़े काम समय पर पूरे करने में सुविधा मिली।
हितग्राही श्री लाल बहादुर पांडेय ने बताया कि “मैं छोटा किसान हूं और अपनी खेती का काम खुद संभालता हूं। पहले खेत की जुताई से लेकर खाद-बीज और उर्वरक खरीदने तक पैसे की व्यवस्था करना मेरे लिए बड़ी चिंता रहती थी। जरूरत के समय कई बार दूसरों से उधार लेना पड़ता था। अब सम्मान निधि की राशि मिलती है तो मैं उसे खेती के जरूरी कामों में लगाता हूं। इससे जुताई और खाद-बीज की व्यवस्था समय पर कर पाता हूं और खेती का काम आगे बढ़ाना आसान हुआ है। किसान के लिए समय पर मिलने वाली यह सहायता बहुत उपयोगी है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  ने किसानों की जरूरत को समझते हुए यह योजना शुरू की है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

Chhattisgarh