
कोंडागांव// कोंडागांव में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को माकड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से आरोपी के ठिकाने की सूचना मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने 7 अक्टूबर को माकड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तमरावंड निवासी तेमेश नेताम (21), पिता लखुराम नेताम, प्रार्थिया की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के मुताबिक, इस घटना के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से फरार था आरोपी
शिकायत के आधार पर माकड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 47/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2), 64(3), 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर से उसके ठिकाने और लोकेशन की जानकारी मिली। इसके बाद माकड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तेमेश नेताम को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद 24 अक्टूबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र सिंह चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सीमा सिंह, सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम सोनवानी, प्रधान आरक्षक मोनाराम मण्डावी और आरक्षक कोदूराम नेताम, राजू पानीग्राही, केमेन्द्र उड्के, योगेन्द्र ध्रुव तथा धन्नूसिंह पटेल शामिल रहे।
वहीं, साइबर सेल कोंडागांव के प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, प्रधान आरक्षक लुमन भंडारी और आरक्षक बिजू यादव व मनोज पोयाम का भी कार्रवाई में योगदान रहा।

