नशे बाइक चलाते पकड़ाए भाई की बाइक छुड़ाने थाने पहुंचीं बहनों ने किया हंगामा…

बिलासपुर// छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ट्रैफिक पुलिस ने युवक को शराब के नशे बाइक चलाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उसकी बाइक जब्त कर ली गई। वहीं, युवक का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने गलत तरीके से गाड़ी सीज की है, लेकिन पुलिस ने आरोप को गलत बताया है।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि ब्रेथ एनालाइजर से जांच में करीब 130 के आसपास रीडिंग आई थी। सोमवार को 2 बहनें छोटे बच्चे के साथ ट्रैफिक थाने पहुंचीं। दोनों अपने भाई की जब्त बाइक छोड़ने की मांग करने लगीं। इस दौरान उन्होंने गेट सामने जमकर हंगामा किया।

दोनों बहनें रोती-बिलखती रहीं और कहती रहीं कि साहब गाड़ी दे दो, घर में काम है। इसके बाद महिला पुलिस बल बुलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर कोर्ट भेजा, तब जाकर मामला शांत हुआ। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

देखिए पहले ये तस्वीरें-

युवक की बहन सड़क पर बैठकर हंगामा करती रही।

युवक की बहन सड़क पर बैठकर हंगामा करती रही।

गेट पर बैठी बहन रो-रोकर गाड़ी छोड़ने की गुहार लगाते रही।

गेट पर बैठी बहन रो-रोकर गाड़ी छोड़ने की गुहार लगाते रही।

युवक का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने गलत तरीके से गाड़ी जब्त की है।

युवक का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस ने गलत तरीके से गाड़ी जब्त की है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, करीब 3-4 दिन पहले ट्रैफिक पुलिस ने महिलाओं के भाई को बाइक चलाते पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, युवक शराब के नशे में बाइक चला रहा था। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में करीब 130 के आसपास रीडिंग आई थी।

इसके बाद बाइक जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि वाहन न्यायालय में जुर्माना जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

थाने पहुंचकर बाइक छोड़ने की मांग की

सोमवार को युवक की दोनों बहनें ट्रैफिक थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों से बाइक थाने से ही छोड़ने की गुहार लगाई। महिलाओं का कहना था कि बाइक घर के काम आती है और उसके नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस होने लगी। महिलाओं ने पुलिस पर गलत तरीके से कार्रवाई कर बाइक जब्त करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि उनके भाई के खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई बताई जा रही है, वैसा मामला नहीं था।

हंगामा के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा।

हंगामा के चलते आवागमन भी प्रभावित रहा।

भाई बोला- फल्ली खा रहा था, पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली

बाइक चालक युवक ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उसका कहना था कि वह ठेले पर फल्ली खा रहा था, तभी पुलिस ने उसकी बाइक जब्त कर ली और पैसे मांगने लगी। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया है। पुलिस के मुताबिक युवक शराब के नशे में बाइक चला रहा था।

महिला पुलिसकर्मियों ने समझाकर भेजा

मामला बढ़ता देख ट्रैफिक पुलिस ने सिविल लाइन थाने से महिला पुलिस बल बुलाया। महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों महिलाओं को समझाया। उन्हें बताया गया कि धारा 185 के तहत जब्त वाहन थाने से नहीं छोड़ा जाएगा।

न्यायालय में जुर्माना जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा। इसके बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं।

ट्रैफिक ASP बोले- नियम के तहत जब्त किया वाहन

इस मामले में ट्रैफिक ASP रामगोपाल करियारे ने कहा कि बाइक चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया था। इसके बाद नियमानुसार धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किया गया।

Chhattisgarh